देश का पहला सबसे बड़ा डोमेस्टिक क्रूज शनिवार से मुंबई से गोवा के बीच सफर शुरू करेगा। 131 मीटर लंबे शिप का नाम अंग्रीया है। शिप में 104 कमरे हैं। एक बार में इसमें 350 लोग सफर कर सकेंगे। इसमें सभी लोगों के लिए सोने की व्यवस्था है। शिप में किराए की छह श्रेणियां हैं, जो छह से 11 हजार के बीच हैं।
किराए की श्रेणियों में प्रीमियम सूइट, प्रीमियम सूइट कपल, प्रीमियम रूम चार और दो लोगों के लिए, ग्रुप के लिए डोरमेटरी और कपल पॉड शामिल हैं। किराए में हाई टी, डिनर और ब्रंच भी शामिल हैं। इसमें दो रेस्तरां के अलावा तीन ओपेन डेक और 24 घंटे खुला रहने वाला काफी शॉप भी है। यह विश्व का पहला क्रूज है, जिसमें कपल पॉड का सेगमेंट दिया गया है।
यह क्रूज जापान से ओगासाआरा आइसलैंड के बीच चलता था। डेढ़ साल पहले खरीदकर मुंबई पोर्ट में इसे मॉडीफाई कराया है। यह क्रूज गहरे समुद्र में न जाकर तटवर्ती इलाकों से गुजरेगा। इससे लोग सफर के दौरान समुद्र तटों की खूबसूरती देख सकेंगे।
इसमें एक इनफिनिटी स्वीमिंग पूल है, जो समुद्र के पानी में नहाने जैसा अहसास दिलाता है। इसमें अल्ट्रा मॉडर्न इवेल्यूएशन सिस्टम लगाया गया। इससे आपात स्थिति में इसे 20 से 30 मिनट में खाली किया जा सकता है।