चीन ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सीमा का उल्लंघन किया। रिपोर्ट के मुताबिक, पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के दो हेलिकॉप्टर 27 सितंबर को जम्मू-कश्मीर में चीन से लगे लद्दाख के ट्रिग हाइट इलाके में घुस आए। करीब 10 मिनट तक भारतीय हवाई क्षेत्र में रहने के बाद वापस लौट गए। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (अाईटीबीपी) ने इसकी रिपोर्ट तैयार की है। ट्रिग हाइट भारत के लिए रणनीतिक तौर पर अहम है। इसी इलाके में दौलत बेग ओल्डी एयरफील्ड भी है। चीन यहां घुसपैठ की कोशिश करता रहता है।
चीनी सैनिकों ने करीब 20 दिन पहले भी अरुणाचल की दिवांग घाटी में पहुंचकर टेंट लगा दिए थे। ग्रामीणों ने यह खबर भारतीय सैनिकों को दी थी। आपत्ति के बाद चीनी सैनिक लौट गए थे। हालांकि, चीन ने घुसपैठ से इनकार करते हुए कहा था कि हमारे सैनिक वास्तविक नियंत्रण रेखा पर नियमित पेट्रोलिंग करते हैं।
जून 2016 में भारत और चीन की सेनाओं के बीच डोकलाम में तब तनाव बढ़ गया था, जब भारत ने चीनी सैनिकों को वहां सड़क बनाने से रोक दिया था। यहां 73 दिन तक भारत और चीन के सैनिक आमने-सामने रहे थे। हालांकि, बाद में कूटनीतिक रास्ते से यह विवाद सुलझा लिया गया था।