अयोध्या: अयोध्या में राम मंदिर निर्माण हो न हो लेकिन भगवान राम की भव्य प्रतिमा से इसकी भरपाई की कोशिशें जारी हैं। इसके लिए अयोध्या में दुनिया की तीसरी सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आठ सौ करोड़ की लागत से प्रतिमास्थल पर स्मारक और प्रतिमा के ऊपर मंदिरनुमा छत्र भी बनाया जाएगा। अयोध्या में प्रस्तावित भगवान राम की इस प्रतिमा की ऊंचाई न्यूयार्क में स्थापित स्टैच्यू आफ लिबर्टी से अधिक लेकिन अहमदाबाद में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से कम होगी।
अयोध्या में करीब आठ सौ करोड़ की लागत से 151 मीटर ऊंची भगवान राम की ऐसी भव्य प्रतिमा स्थापित करने का खाका बना है जो न केवल अयोध्या की भव्यता में चार चांद लगाएगी बल्कि मंदिर निर्माण को लेकर जो लोग मौजूदा सरकार पर उदासीनता का आरोप लगा रहे हैं, उनके लब भी खामोश होंगे। प्रस्तावित प्रतिमा की जो ऊंचाई प्रस्तावित है, वह उसे विश्व की तीसरी सबसे ऊंची प्रतिमा का गौरव भी प्रदान करेगी।