- प्रदेश

छत्तीसगढ़ में भाजपा का संकल्प पत्र, महिलाओं को स्वरोजगार

रायपुर: कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी होने बाद शनिवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी का संकल्प पत्र जारी किया। इसमें भाजपा ने राज्य को नक्सलमुक्त, शिक्षित, स्वस्थ, विकसित और कृषि सम्पन्न बनाने का वादा किया। सत्ताधारी पार्टी ने महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 2 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने और पत्रकार कल्याण बोर्ड का गठन करने का भी वादा किया। भाजपा ने राज्य में छत्तीसगढ़ फिल्म सिटी का निर्माण करने की बात कही।

शाह ने कहा, छत्तीसगढ़ में सबसे बड़ी समस्या नक्सलवाद है। डॉ. रमन सिंह ने इसपर नकेल कसने का काम किया है। शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, जिस पार्टी को नक्सलवाद में क्रांति दिखाई पड़ती हो, नक्सलवाद क्रांति का माध्यम नजर आता हो वो पार्टी छत्तीसगढ़ का विकास नहीं कर सकती।

संकल्प पत्र के अहम बिंदू:

  • 24 घंटे बिजली देने का वादा कायम रहेगा, अगले 5 वर्षों में किसानों को 2 लाख नए पंप कनेक्शन
  • दलहन और तिलहन किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद। 60 वर्ष से अधिक आयु के लघु एवं सीमांत किसान एवं भूमिहीन कृषि मजदूरों को एक हजार रुपए प्रति माह पेंशन।
  • लघु वनोपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर होगा डेढ़ गुना।
  • छत्तीसगढ़ बनेगा नक्सलवाद से मुक्त प्रदेश।
  • ग्रामीण एवं शहरी गरीब परिवार के लिए पक्का मकान। नोनि सुरक्षा योजना में दी जाने वाली राशि दोगुना का 2 लाख रुपया किया जाएगा।
  • अनुसूचित जाति एवं जनजाति के बच्चों हेतु गुरु घासीदास एवं अमरशहीद गुंडाधुर छात्रवृत्ति योजना। निराश्रित पेंशन राशि में वृद्धि।
  • कक्षा 9वीं में प्रवेश लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को मुफ्त साइकिल, 12वीं तक के सभी छात्र-छात्राओं को निशुल्क ड्रेस और किताबें।
  • मेधावी छात्राओं को यातायात में सुविधा देने हेतु नि:शुल्क स्कूटी।
  • महिलाओं को व्यापार हेतु 2 लाख और स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख तक ब्याज लाख मुक्त ऋण
  • जिला अस्पताल बनेंगे मल्टी स्पेशलिटी, जगदलपुर और अंबिकापुर में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल।
  • युवाओं को रोजगार सुनिश्चित करने के लिए कौशल उन्नयन भत्ता (बेराजगारी भत्ता)। 200 करोड़ रुपए के उद्यमिता मास्टर फंड की स्थापना।
  • पत्रकार और फोटो पत्रकार कल्याण बोर्ड का गठन।
  • गरीब परिवारों के लिए 5 लाख एवं अन्य परिवारों के लिए 1 लाख रुपए तक का चिकित्सा बीमा। छोटे व्यापारी के लिए 5 लाख रुपए तक का व्यापार बीमा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *