बड़वानी: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को बड़वानी के पीजी कॉलेज मैदान पर जनसभा की। इस दौरान शाह ने राहुल और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस और राहुल को मोदी फोबिया हो गया। इसलिए दोनों दिन-रात मोदी-मोदी करते रहते हैं।
शाह ने कहा कांग्रेस के पास न नेता, न नीति और न ही सिद्धांत हैं। चार पीढ़ी तक राज करने वाले हमसे चार साल का हिसाब मांगते हैं। कांग्रेस 15 साल बाद विकास की याद दिला रही है। जरा एक बार बंटाधार का शासन तो याद कर लेते। कांग्रेस पर 12 लाख करोड़ रुपए के घोटाले के आरोप हैं। इंदौर में किसी भी जगह सभा कर लो, कैलाश विजयवर्गीय उन्हें जवाब देंगे।
उन्होंने कहा, “आदिवासियों के साथ ही भाजपा सरकार ने किसानों के हितों में कई काम किए। मोदी सरकार ने किसानों को फसल का डेढ़ गुना दाम दिया। राज्य की शिवराज सरकार और केंद्र की मोदी सरकार ने गरीबों की भलाई के लिए 129 योजनाएं बनाईं। मोदी सरकार आयुष्मान योजना लेकर आई, जिससे 10 करोड़ गरीब परिवारों को फायदा मिलेगा।