छत्तीसगढ़/रायपुर: भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद किसानों को राहत दी। उन्होंने 16.65 लाख किसानों का सरकारी बैंकों से लिया गया 6100 करोड़ रुपए का कर्ज माफ करने का ऐलान किया। अन्य मदों में बैंकों से लिए गए कर्ज को भी जांच के बाद माफ करने का भरोसा दिलाया।
बघेल ने धान पर समर्थन मूल्य भी 2500 रुपए प्रति क्विंटल करने की घोषणा की। अभी किसानों को 1750 रु. प्रति क्विंटल के हिसाब से समर्थन मूल्य मिलता है। अब इसमें 750 रुपए प्रति क्विंटल की प्रोत्साहन राशि और शामिल की जाएगी। मुख्यमंत्री ने झीरम घाटी हमले की जांच के लिए भी एसआईटी के गठन के आदेश दिए हैं। 2013 में हुए इस नक्सली हमले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नंद कुमार पटेल समेत 29 लोग मारे गए थे।
बघेल ने मुख्यमंत्री सचिवालय में भी फेरबदल किया है। अब मुख्यमंत्री के सचिव आईएएस गौरव द्विवेदी होंगे। गौरव अभी शिक्षा विभाग में सचिव हैं और दिल्ली में प्रतिनियुक्ति पर केंद्र सरकार की सेवा में रह चुके हैं। बस्तर के कमिश्नर टामन सिंह सोनवानी को विशेष सचिव बनाया गया है, जबकि ओएसडी प्रवीण शुक्ला बनाए गए हैं।
शपथ ग्रहण में कांग्रेस से पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, मल्लिकार्जुन खड़गे, अशोक गहलोत, नारायण सामी, सचिन पायलट, राज बब्बर, जतिन प्रसाद, नवीन जिंदल, राजीव शुक्ला, आनंद शर्मा, गुरुदास कामत, मोहसिना किदवई, प्रमोद तिवारी और नवजोत सिंह सिद्धू मौजूद थे। इनके अलावा लोकतांत्रिक जनता दल के शरद यादव और नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला और झारखंड विकास मोर्चा के प्रमुख बाबूलाल मरांडी मौजूद थे।