नई दिल्ली: मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री की शपथ के चार दिन बाद भी मंत्रिमंडल को लेकर तस्वीर साफ नहीं हो पा रही है। तीनों राज्यों में शपथ ग्रहण 17 दिसंबर को हुआ था। इस बीच मुख्यमंत्री कमलनाथ, अशोक गहलोत और भूपेश बघेल मंत्रियों के संभावित नामों की सूची लेकर दिल्ली पहुंच गए हैं। पहले आज इनकी केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ बैठक होगी। इसमें मंत्रियों के नामों पर विचार किया जाएगा। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज फैसला ले सकते हैं। ऐसा हुआ तो सोमवार तक मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है।