- प्रदेश, स्थानीय

नरोत्तम-सारंग ने दिया था हमारे विधायक को 100 करोड़ का लालच : दिग्विजय

भोपाल: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भाजपा नेताओं और पूर्व मंत्रियों नरोत्तम मिश्रा और विश्वास सारंग का नाम लेकर आरोप लगाया है कि उन्होंने कांग्रेस के एक विधायक को खरीदने के लिए 100 करोड़ रुपए का लालच दिया। मिश्रा व सारंग ने उन्हें प्रमाण पेश करने की चुनौती दी है।

सिंह ने मंगलवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से चर्चा के दौरान यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मैहर के भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने कांग्रेस विधायक बैजनाथ कुशवाह को मैसेज किया और उन्हें एक ढाबे ले जाया गया। वहां उनकी मिश्रा और सारंग से मुलाकात हुई। इसमें कुशवाह को 100 करोड़ रुपए देने का लालच दिया गया। कुशवाह को बताया गया कि यदि वह इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हैं तो उनको ले जाने के लिए चार्टर्ड प्लेन भी तैयार है। सरकार गिराओ और मंत्री बनो।

सिंह ने कहा कि भाजपा तोड़फोड़ की कोशिश कर रही है। उसने कांग्रेस के साथ बसपा, सपा और निर्दलीय विधायकों को भी ऑफर दिए। उन्हें मंत्री पद और करोड़ों रुपए का लालच दिया गया। जरूरत पड़ने पर इन विधायकों को सामने खड़ा कर दूंगा।

5-16 दिसंबर को जब मैं भोपाल में था, तब मुझसे पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा और विश्वास सारंग मिले थे। उन्होंने मुझसे कहा था कि आप बहुत गरीब हो। आपकी स्थिति ठीक नहीं है। आप यदि हमारा साथ दोगे तो आपकी सात पीढ़ियां बैठकर खाएंगी। विधायक निधि के फंड में से आप कितना ले लोगे। ये भी कहा था कि ये चार्टर प्लेन खड़ा है, अभी दिल्ली चलो। हमें ऑफर करोड़ों में किया गया था। लेकिन हमने उनकी बात को सिरे से खारिज कर दिया था। उसी समय दिग्विजय सिंह जी को बता दिया था।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के आरोप पर पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक नरोत्तम मिश्रा ने पलटवार करते हुए कहा कि यदि उनके पास प्रमाण है, तो पेश करें। ऐसे तो कोई भी आरोप लगा सकता है। सरकार उनकी है, वे कार्रवाई करें, उन्हें किसने रोका है। पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक विश्वास सारंग ने आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि खुद की मुश्किल और गलतियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए दिग्विजय सिंह शगूफों की राजनीति कर रहे हैं। प्रमाण हो, तो सामने लेकर लाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *