लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपना सबसे बड़ा दांव चला है. यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा अब आधिकारिक तौर पर राजनीति में आ गई हैं. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को प्रियंका गांधी को कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किया है. प्रियंका गांधी वाड्रा को पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है, प्रियंका फरवरी के पहले सप्ताह में अपनी जिम्मेदारी को संभालेंगी.
Priyanka Gandhi appointed as AICC general secretary for Eastern UP
Read @ANI Story | https://t.co/zuNgsEnSXh pic.twitter.com/DN55WjSeoQ
— ANI Digital (@ani_digital) January 23, 2019
आपको बता दें कि पिछले काफी लंबे समय से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मांग थी कि प्रियंका गांधी को राजनीति में आना चाहिए, जिसे अब पूरा किया गया है. प्रियंका गांधी इससे पहले भी रायबरेली और अमेठी में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के लिए प्रचार प्रसार करती रही हैं.
गौरतलब है कि 2019 का लोकसभा चुनाव काफी निर्णायक होने वाला है, इसमें उत्तर प्रदेश की भूमिका काफी अहम है. उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के साथ आने से समीकरण पूरा बदल गया था, दोनों पार्टियों ने कांग्रेस को गठबंधन में शामिल नहीं किया था.
जिसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया था कि अभी लोग कांग्रेस पार्टी को हल्के में ले रहे हैं लेकिन 2019 का चुनाव पूरी दमखम के साथ लोकसभा चुनाव लड़ेगी और सभी को सरप्राइज भी कर देगी. गौरतलब है कि कांग्रेस ने ऐलान किया है कि वह राज्य की सभी 80 लोकसभा सीटों पर अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी.