भोपाल : प्रदेश में भोपाल सहित 13 शहर शीतलहर की चपेट में हैं। राजधानी में लगातार दूसरे दिन सोमवार को सीवियर कोल्ड डे रहा। रविवार रात नए साल की सबसे सर्द रात रही। तापमान 6.4 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। सोमवार को दिन में पारा 19.3 डिग्री पर रहा।
कलेक्टर सुदाम पी खाडे ने नर्सरी से पांचवीं क्लास तक स्कूलों में दो दिन तक छुट्टी के आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही सुबह 9 बजे के बाद 6वीं से 12वी तक की कक्षाओं को लगाने को कहा है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण राज्य में ठिठुरन बढ़ी है और तापमान में भी गिरावट आई है। कई स्थानों का तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सबसे ठंडा उमरिया रहा, जहां तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 5.6, ग्वालियर का 3.8 और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 4.4 सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम केंद्र के अनुसार 31 जनवरी से दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक इजाफा हो सकता है। 2 फरवरी से तापमान में और कमी आएगी एवं शीतलहर की स्थिति भी बनने की संभावना है। इस दौरान कई शहरों में पाला भी पड़ सकता है।
मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि उत्तर भारत में बर्फबारी के बाद वहां बर्फ पिघली है। उसके बाद वहां से बर्फीली हवा आ रही है। इस वजह से हमारे यहां रात के तापमान में गिरावट हुई। इस वजह से भोपाल, ग्वालियर, गुना, खजुराहो, शाजापुर, रतलाम, धार, खंडवा, राजगढ़, बैतूल, दमोह, सागर, नौगांव शीतलहर की चपेट में हैं।
दतिया 2.60 प्रदेश में सबसे ठंडा शहर
बैतूल 3.5 डिग्री सेल्सीयस
जबलपुर 3.0 डिग्री सेल्सीयस
नौगांव 3.1 डिग्री सेल्सीयस
शाजापुर 4.0 डिग्री सेल्सीयस
गुना 4.2 डिग्री सेल्सीयस
दमोह 4.4 डिग्री सेल्सीयस
धार 4.8 डिग्री सेल्सीयस
श्योपुर 5.0 डिग्री सेल्सीयस
राजगढ़ 5.2 डिग्री सेल्सीयस