- खेल

चौथा वनडे : न्यूजीलैंड जीता, भारत 92 रन पर ऑलआउट, सीरीज में भारत 3-1 से आगे

हैमिल्टन: न्यूजीलैंड ने पांच मैच की सीरीज के चौथे वनडे में भारत को आठ विकेट से हरा दिया। न्यूजीलैंड ने वनडे मे भारतीय टीम को चौथी बार आठ विकेट के अंतर से हराया है। उसने घरेलू मैदान पर दूसरी बार टीम इंडिया के खिलाफ 8 विकेट से जीत हासिल की है। इससे पहले उसने 14 मार्च 2009 को ऑकलैंड में भारत को 8 विकेट से हराया था। इसके अलावा वह 13 जून 1979 को लीड्स (इंग्लैंड) और 15 नवंबर 1995 को जमशेदपुर में भारत के खिलाफ 8 विकेट से जीत हासिल की थी।

हालांकि, टीम इंडिया शुरुआती तीन वनडे जीतकर सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुकी है, लेकिन आज के नतीजे के बाद वह न्यूजीलैंड के खिलाफ क्लीन स्वीप करने से चूक गई। अब वह सीरीज में 3-1 से आगे है।

चौथे वनडे में भारत की पूरी 30.5 ओवर में 92 रन पर ऑलआउट हो गई। उसके सात खिलाड़ी दहाई के अंक तक नहीं पहुंच पाए। दो खिलाड़ी शून्य पर आउट हुए। भारत की ओर से सबसे ज्यादा 18 रन युजवेंद्र चहल ने बनाए। वे नाबाद रहे। न्यूजीलैंड के लिए ट्रेंट बोल्ट ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। उन्होंने करियर में पांचवीं बार पांच विकेट लिए हैं। टीम इंडिया 7वीं बार 100 के अंदर ऑलआउट हुई है। उसका न्यूजीलैंड के खिलाफ यह दूसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले 10 अगस्त 2010 को दाम्बुला में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम 29.3 ओवर में 88 रन पर ऑलआउट हो गई थी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड ने तेज शुरुआत की। ओपनर मार्टिन गुप्टिल ने तीन गेंद में ही 14 रन बना लिए थे। हालांकि, चौथी गेंद पर भुवनेश्वर कुमार ने उन्हें हार्दिक पंड्या के हाथों कैच करा दिया। उनकी जगह कप्तान केन विलियम्सन ने क्रीज संभाली। पिछले तीनों वनडे में 25 से ज्यादा का स्कोर करने वाले विलियम्सन इस मैच में 11 रन ही बना पाए। उनका विकेट भी भुवनेश्वर ने लिया। उनका कैच विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने पकड़ा। इसके बाद हेनरी निकोलस और रॉस टेलर ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 54 रन जोड़े। न्यूजीलैंड ने 14.4 ओवर में 93 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।

इस मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। उसके दोनों ओपनर्स 23 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद अंबाती रायडू और दिनेश कार्तिक भी बिना खाता खोले आउट हो गए। भारत ने 8 विकेट महज 55 रन के स्कोर पर गंवा दिए थे। न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने 10 में से चार ओवर मेडन फेंके। इसमें उन्होंने 21 रन देकर पांच विकेट लिए।

किसी एक देश में सबसे कम वनडे में बोल्ट के 100 विकेट

मैच खिलाड़ी देश
49 ट्रेंट बोल्ट न्यूजीलैंड
53 वकार यूनिस यूएई
56 ग्लेन मैक्ग्रा ऑस्ट्रेलिया
56 ब्रेट ली ऑस्ट्रेलिया
60 शॉन पोलाक दक्षिण अफ्रीका
61 मखाया एनटिनी दक्षिण अफ्रीका
62 वसीम अकरम यूएई
62 शेन वार्न ऑस्ट्रेलिया

इस मैच से 19 साल के क्रिकेटर शुभमन गिल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया। टॉस हारने के बाद रोहित शर्मा ने बताया कि टीम में दो बदलाव किए गए हैं। विराट की जगह शुभमन गिल को शामिल किया गया है। मोहम्मद शमी के फिट नहीं होने के कारण उनकी भरपाई खलील अहमद करेंगे। महेंद्र सिंह धोनी भी अभी फिट नहीं हैं, इसलिए इस वनडे में भी दिनेश कार्तिक बतौर विकेटकीपर खेलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *