- प्रदेश, स्थानीय

अभी तो कैबिनेट बने 45 दिन ही हुए सौ दिन तो होने दें, सभी वादे पूरे करेंगे : मुख्यमंत्री कमलनाथ

भोपाल : यह घोषणाओं की सरकार नहीं है। अभी तो कैबिनेट बने 45 दिन हुए हैं, सौ दिन तो पूरे होने दें, हम सभी वादे पूरे करेंगे। यह भरोसा मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जंबूरी मैदान में मौजूद जनता को दिया। उन्होंने अपने अब तक के काम का हिसाब देते हुए कहा कि जनता ने सच्चाई का साथ दिया है, वह निराश नहीं होगी।

सीएम ने किसान कर्ज माफी, युवा रोजगार योजना, बिजली बिल हाफ, पेंशन योजनाओं आदि का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 15 साल में प्रदेश में निवेश नहीं आया। जब यहां निवेश आएगा, तब युवाओं को रोजगार मिलेगा। अब उन्हें निराशा नहीं, मुस्कराहट मिलेगी। कृषि क्षेत्र में सुधार करके व्यवस्था ठीक की जा सकती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को प्रतिदिन 17 रुपए देगी। चुनाव आ रहा है, इसलिए यह कलाकारी हो रही है। मोदी को लोगों ने पहचान लिया है। प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया ने मोदी पर आरोप लगाया कि वे सीबीआई का उपयोग दरोगा की तरह कर रहे हैं। वे विरोधियों पर फर्जी मामले लाद रहे हैं। मोदी बताएं कि भाजपा अध्यक्ष स्कूटर पर चलते थे, अब उनके बेटे के पास अरबों की संपत्ति है।

भाजपा से निष्कासित पूर्व मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया और पूर्व मंत्री डोमन सिंह नगपुरे शुक्रवार को यहां राहुल गांधी के समक्ष कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस में शामिल होते ही उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। कुसमरिया ने कहा कि भाजपा ने पार्टी के बुजुर्ग नेताओं का अपमान किया।  एक तरह से उन्हें जेल में डाल दिया।

मंच से कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का नाम लेते हुए कहा कि भारत की जनता जाग चुकी है। छलकपट, झूठ और गरीबों को प्रताड़ित करने की राजनीति करने वालों को जनता जमीन पर ला देगी।

मुख्यमंत्री कमलनाथ और कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राहुल गांधी को देश का भावी प्रधानमंत्री बताया है। दोनों ही नेताओं ने अपने भाषण में यह बात कही। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि मप्र में कांग्रेस का झंडा लहराया है, अब दिल्ली की संसद में झंडा लहराना है। देश की जनता ने तय कर लिया है कि राहुल गांधी देश के भावी प्रधानमंत्री हैं। वहीं, सिंधिया ने कहा कि झूठी सरकार से प्रताड़ित जनता को एक ही चिराग दिख रहा है राहुल गांधी। विधानसभा चुनाव तो ट्रेलर था।

राहुल के भोपाल आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से लगाए गए एक पोस्टर में मोदी को रावण के रूप में दिखाया गया। भाजपा की निर्वाचन आयोग संबंधी समिति के संयोजक शांतिलाल लोढ़ा ने एमपी नगर थाने में दी गई  शिकायत में कहा है कि इस पोस्टर में प्रधानमंत्री के साथ जिस शब्दावली का प्रयोग किया गया है, वह उनकी छवि खराब करने वाला है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि राहुल को यह याद नहीं है कि उन्होंने कांग्रेस की सरकार बनने पर 10 दिनों में किसानों का कर्जा माफ करने की बात कही थी। सरकार बने हुए 50 से अधिक दिन हो गए हैं, लेकिन अभी तक एक भी किसान का कर्जा माफ नहीं हुआ है। अब लोगों को बरगलाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष अब गारंटीड इनकम की बात कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *