विदिशा : प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को दोपहर विदिशा पहुंचे। यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में अपहरण उद्योग धड़ाके से चल रहा है। डकैती की घटनाएं बढ़ गई हैं। मध्यप्रदेश में एक बार फिर से डाकू युग की वापसी हो गई है और प्रदेश की कमलनाथ सरकार कुंभकर्णी नींद में सो रही है। शिवराज ने कहा कि सरकार इस समय ट्रांसफर और पोस्टिंग का कारोबार चला रही है। निगम-मंडल भंग किए जा रहे हैं। पूरे प्रदेश में कामकाज चौपट है। व्यवस्था बिगड़ी हुई है।
मध्यप्रदेश में सीएम के साथ सुपर सीएम भी हैं। ढाई मुख्यमंत्रियों की सरकार है। सचमुच में यह संवैधानिक संकट है कि एक बाहर का व्यक्ति जो मंत्रिमंडल में नहीं है, वह मंत्रियों को डांट रहा है। यह सरकार अपने अंतर्विरोधों के कारण ही गिर जायेगी। pic.twitter.com/EZFLfvJ10X
— ShivrajSingh Chouhan (@ChouhanShivraj) February 21, 2019
कमलनाथ सरकार को 2 महीने हो गए हैं। इतने में ही पूत के पांव पालने में दिखने लगे हैं। सरकार ने कर्जमाफी की घोषणा तो कर दी है लेकिन उसके पास केवल 6 हजार करोड़ का फंड है। इस कारण सरकार किसानों को सहकारी बैंकों से आगामी 25 फरवरी से केवल नो ड्यूज सर्टिफिकेट ही देने की तैयारी कर रही है। 10 दिन से अब 60 दिन हो गए हैं लेकिन कर्जमाफी नहीं हुई है। श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में इस समय ढाई सीएम सरकार चला रहे हैं। प्रदेश के मंत्रियों पर बेवजह दबाव बनाया जा रहा है। जो सीएम नहीं है, वह मंत्रियों को डांट-फटकार लगा रहा है। मंत्री कह रहे हैं हमें क्यों डांट रहे हो। कौन सा असली सीएम है पता नहीं चल रहा है।