भोपाल: सूबे के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज पुलिस हेडक्वार्टर में पुलिस अफसरों की अहम बैठक ली। बैठक में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर नाराजगी जताई और डीजीपी से इसको लेकर सवाल किए। उन्होंने पुलिस अफसरों से कहा कि प्रदेश पर लगा अपराध में नंबर एक का दाग धोइए, वरना हटने के लिए तैयार हो जाइए। वहीं अफसरों को अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में महिला अपराध को लेकर भी चिंता जताई और इसकी रोकथाम के लिए सख्ती बरतने को कहा है।
साथ ही चित्रकूट में हुई दो बच्चों के अपहरण को लेकर भी मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अफसरों से चर्चा की। साथ ही अब तक बच्चों को रेस्क्यू करने के मामले की रिपोर्ट डीजीपी वीके सिंह से ली। उन्होंने वीके सिंह से पूछा कि आखिर चित्रकूट में अपहृत हुए बच्चे अब तक पुलिस ढूंढ नहीं लाई।
लोकसभा चुनावों को देखते हुए कमलनाथ ने पुलिस अफसरों को प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ पुलिस मुख्यालय भोपाल में प्रदेश के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। pic.twitter.com/9bdQJiTazB
— CMO Madhya Pradesh (@CMMadhyaPradesh) February 23, 2019
इस बैठक में डीजीपी समेत प्रदेश भर के एडीजी, आईजी, डीआईजी, एसपी और बटालियन कमांडेंट स्तर के अफसर शामिल हुए थे। इसके अलावा प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराधों के रोकथाम के लिए क्या प्रभावी कदम उठाएं जाएं, इसे लकेर भी मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अफसरों से चर्चा की। साथ ही वचन पत्र में पुलिसकर्मियों से किए गए वादों, जिसमें आवास भत्ता, पुलिस भर्ती, छुट्टियों की फिलहाल क्या स्थिति है। इस पर भी बात हुई।