रायपुर : प्रदेश के सरकारी विश्वविद्यालयों की कार्यपरिषदों का नजारा पूरी तरह बदल गया है। स्पीकर डॉ. चरणदास महंत ने 7 सरकारी विश्वविद्यालयों में से 5 के कार्यपरिषदों में विधायकों को मनोनीत कर दिया है। इनमें कांग्रेस के 17 विधायकों को रखा गया है। इसके अलावा भाजपा के दो और जोगी कांग्रेस के 3 विधायक भी कार्यपरिषदों के सदस्य बनाए गए हैं। सभी का कार्यकाल 2 साल का होगा। हर विवि के प्रशासनिक और अकादमिक कामकाज पर सीधी नजर रखने के लिए विधायकों का मनोनयन होता है। दिसंबर में नई सरकार आने के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने सभी विवि की कार्यपरिषदों को भंग कर नई नियुक्तियों का फैसला किया था।
सामाजिक क्षेत्रों से भी नियुक्तियां
कार्यपरिषदों में प्रदेश के सामाजिक क्षेत्रों में सक्रिय नामचीन व्यक्तियों को भी सदस्य नियुक्त किया जाता है। इनमें शिक्षा, कला,उद्योग-वाणिज्य क्षेत्र के लोग लिए जाते हैं। पर बीते दो-तीन दशकों से प्रदेश में सत्तासीन सरकारों ने कार्यपरिषदों को भी अपनी विचारधारा से ताल्लुक रखने वालों लोगों के लिए तुष्टिकरण का माध्यम बना रखा है। पिछले 15 वर्षों में बीजेपी और उसकी पितृ संस्था संघ के विचारक और शिक्षाविदों नियुक्तियां होती रही है। इस बार विवि में भी सत्ता परिवर्तन देखने को मिलेगा। कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े लोगों ने अपने बायोडेटा लिए शिक्षा मंत्री और सीएम के चक्कर लगा रहे हैं।
परमार का इस्तीफा मंजूर : कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने पत्रकारिता विवि के कुलपति प्रो एमएस परमार का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। परमार ने 9 मार्च को व्यक्तिगत कारण बताते हुए इस्तीफा दिया था। उच्च शिक्षा विभाग फिलहाल नियमित कुलपति के बजाए उनके स्थान पर प्रभारी कुलपति बिठाने की तैयारी कर ली है। विवि एक्ट के मुताबिक रायपुर के संभागायुक्त जीआर. चुरेंद्र को प्रभार देने प्रस्ताव कुलाधिपति को भेजा जा रहा है।
ये कांग्रेस विधायक बने सदस्य
- बस्तर विवि| मनोज मंडावी, संतराम नेताम, रेखचंद जैन, विक्रम मंडावी और चंदन कश्यप।
- खैरागढ़ संगीत विवि| अंबिका सिंहदेव, कुंवर सिंह निषाद।
- रविशंकर विवि| सत्यनारायण शर्मा, लक्ष्मी ध्रुव और द्वारिकाधीश यादव।
- पत्रकारिता विवि|धनेंद्र साहू, कुलदीप जुनेजा, अनिता योगेंद्र शर्मा।
- बिलासपुर विवि|रश्मि सिंह, रामकुमार यादव, मोहित राम, प्रकाश नायक।
- भाजपा-जोगी कांग्रेस विधायक भी मनोनीत: जोगी कांग्रेस के धर्मजीत सिंह को बिलासपुर विवि; भाजपा से सौरभ सिंह और जोगी कांग्रेस से देवव्रत सिंह खैरागढ़ संगीत विवि; भाजपा से डमरुधर पुजारी और जोगी कांग्रेस से प्रमोद शर्मा रविशंकर विवि के सदस्य बनाए गए हैं।