भोपाल : प्रदेश की कांग्रेस सरकार के 100 दिन पूरे होने पर भाजपा ने उन पर भ्रष्टाचार का बड़ा आरोप लगाया है। शनिवार को बोर्ड ऑफिस चौराहे पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज समेत तमाम भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। भाजपा का कहना है कि प्रदेश बर्बादी और तबाही की ओर जा रहा है। इस संबंध में सरकार के 100 दिन पूरे होने पर जनता के बीच सरकार की खामियां गिनाएगी।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कुनबे वाली सरकार से प्रदेश में त्राहि-त्राहि मची हुई है। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के सारे रेकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 100 दिन में ही रंग उतर गया। सच सामने आ गया। आज प्रदेश तबाही और बरबादी की ओर है। हम इस रूप में मध्यप्रदेश को नहीं देख सकते हैं। हम चुप नहीं बैठेंगे। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ेंगे।
एक्सीडेंट में मृत्यु होने पर 4 लाख, सामान्य मृत्यु पर 2 लाख, अंतिम संस्कार का 5 हज़ार, सब बंद कर दिया। कफन का भी पैसा इस सरकार ने छीन लिया। अब काँग्रेस रोजगार के नाम पर कह रही ढोर चराओ, बंदर नचाओ। रोजगार देने के नाम पर तमाशा कर रही है:श्री @ChouhanShivraj pic.twitter.com/SEfXeygnST
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) April 13, 2019
रोजगार के नाम पर तमाशा कर रही कांग्रेस
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “कांग्रेस सरकार एक्सीडेंट में मृत्यु होने पर 4 लाख, सामान्य मृत्यु पर 2 लाख, अंतिम संस्कार का 5 हज़ार, सब बंद कर दिया। कफन का भी पैसा इस सरकार ने छीन लिया। अब कांग्रेस रोजगार के नाम पर तमाशा कर रही है। कह रही ढोर चराओ, बंदर नचाओ।”
अब तक 11 मुख्यमंत्री बदल जाने थे
शिवराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने गिनती गिनकर कहा था कि 10 दिन में किसानों का कर्जा माफ नहीं, तो मुख्यमंत्री ही बदल देंगे। अब तक 11 मुख्यमंत्री बदल जाने चाहिए थे।
व्यक्तिगत रूप से चुनाव लड़ने का इच्छुक नहीं
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज फिर दोहराया कि वो व्यक्तिगत रूप से लोकसभा चुनाव लड़ने के पक्ष में नहीं है। लेकिन हूं, पार्टी जो कहेगी, आगे वही करूंगा। उन्होंने प्रदेश के शेष बचे उम्मीदवारों के संदर्भ में कहा कि अगले 1-2 दिन में घोषणा हो जाएगी। वह बोर्ड ऑफिस चौराहे पर आंदोलन के बाद मीडिया से बात कर रहे थे।