भोपाल: बुधवार इस सीजन का सबसे ज्यादा गर्म दिन रहा। पारा 42 डिग्री को पार कर गया। और ये अधिकतम 42.2 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग का कहना है कि गर्म हवा से तपिश बढ़ी है। आने वाले दिनों में तापमान में और इजाफा होने का अनुमान जताया है। प्रदेश में खरगोन में पारा 46 डिग्री पर पहुंच गया है।
बीते सप्ताह आंधी-और बारिश के चलते मौसम बदल गया था। अधितम तापमान 33 डिग्री के करीब पहुंच गया, इससे लोगों को राहत मिली। प्रदेश में आंधी-बारिश थमने के बाद एक बार फिर ऱफ्तार पकड़ी और मंगलवार को ये 40 डिग्री पर पहुंच गया। बुधवार को 40 डिग्री को पार करते हुए 2.2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 42 डिग्री को पार कर गया और ये 42.2 डिग्री पर पहुंच गया। बुधवार का दिन गर्मी के इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया।
बीते चौबीस घंटों में ऐसा रहा मौसम का मिजाज: मौसम विभाग के अनुसार बीते चौबीस घंटों में प्रदेश में मौसम शुष्क रहा है। सागर, होशंगाबाद इंदौर, ग्वालियर, चंबल व उज्जैन संभाग जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 46 डिग्री खरगौन में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले गुरुवार को भी मौसम की मिजाज ऐसा ही रहने की उम्मीद है।
कहां कितना रहा तापमान: भोपाल 42.2, इंदौर 41.5, जबलपुर 42.0, ग्वालियर 42.5, खरगोन 46.0, धार 45.0, रायसेन दमोह नौगांव होशंगाबाद 44.0, खंडवा, सागर बैतूल गुना शाजापुर रतलाम 43.0, जबलपुर उज्जैन 42.0, सतना रीवा सीधी 41.0 डिग्री रहा।
45 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान: मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मई के चौथे हफ्ते में नौतपा के दौरान पारा 45 डिग्री तक जा सकता है। नौतपा 25 मई से 2 जून तक है। इस दौरान रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी और ये 31-32 डिग्री तक पहुंच सकता है। लेकिन इस दौरान मौसम का मिजाज भी बदल सकता है। धूल भरी आंधी के साथ तेज हवा और गरज-चमक के हालात बन सकते हैं। इससे तापमान में भी थोड़ी कमी आ सकती है।
मई में ऐसा है मौसम का पूर्वानुमान
- 1 से 7 मई – तापमान 42- 43 डिग्री रह सकता है।
- 8 से 14 मई – ज्यादा तपिश हाेने पर कन्वेक्टिव एक्टिविटीज यानी धूल भरी आंधी- तेज हवा चलने के असार, औसत तापमान 42 डिग्री रहने की संभावना।
- 15 से 21 मई – तापमान 1 या 1.5 डिग्री बढ़कर 43 के आसपास रह सकता है।
- 22 से 28 मई – नाैतपा में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान
- 29 मई से 4 जून तक- तापमान 42-43 डिग्री के आसपास रहने की संभावना।