भोपाल : भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर शुक्रवार को अपनी हमनाम और निर्दलीय प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर के घर पहुंचीं। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी को स्वागत किया और उनसे चुनाव न लड़ने की अपील की। भाजपा प्रत्याशी की अपील को स्वीकारते हुए निर्दलीय प्रत्याशी प्रज्ञा ने चुनाव न लड़ने का ऐलान किया है।
शुक्रवार सुबह साध्वी प्रज्ञा भाजपा उपाध्यक्ष प्रभात झा के साथ निर्दलीय प्रत्याशी के घर पहुंचीं। साध्वी ने प्रज्ञा ठाकुर को भगवा कपड़ा ओढ़ाकर उनका स्वागत और सम्मान किया। साध्वी की अपील के बाद प्रज्ञा ठाकुर तुरंत मान गई और नाम वापस लेने का ऐलान कर दिया।
ये भी बढ़ा रहे हैं साध्वी की मुश्किलें
भोपाल में एक और उम्मीदवार ऐसे हैं, जिसे लेकर चर्चा हो रही है। मुंबई हमले में शहीद हुए हेमंत करकरे के जूनियर और महाराष्ट्र के रिटायर्ड अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर रियाजुद्दीन गयासुद्दीन देशमुख ने निर्दलीय नामांकन किया। वो प्रज्ञा सिंह ठाकुर के शहीद करकरे पर दिए बयान से नाराज हैं। इसलिए उन्होंने उनके खिलाफ चुनाव लड़ने का निर्णय लिया।
उन्होंने बताया कि जिस तरह के टार्चर की बात साध्वी कर रही हैं, ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। कोर्ट में उनके बयान होते हैं, अगर टार्चर किया गया होता तो वे कोर्ट में अपने बयानों में यह बात कहतीं, जो उन्होंने नहीं कही। दिग्विजय सिंह पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा था कि वे डर्टी पालीटिक्स कर रहे हैं।