वॉशिंगटन : बाल्टीमोर में एक हमलावर ने रविवार को सड़क पर खुलेआम गोलियां चलाईं। इसमें 7 जख्मी हो गए, जिसमें एक गंभीर रूप से जख्मी है। शहर के पुलिस कमिश्नर माइकल हैरिसन ने इस बात की जानकारी दी। हैरिसन ने गोलीबारी को त्रासद और कायराना घटना बताया। उनके मुताबिक- एक अश्वेत व्यक्ति भीड़ में घुस गया और गोलियां चलाने लगा। हमला सोच-समझकर किया गया लेकिन, उसके मकसद का खुलासा करना अभी जल्दबाजी होगी। हमें एक अन्य हमलावर के मौजूद होने की भी आशंका है।
#BREAKING: One dead, six injured in shooting near a church in Baltimore, US https://t.co/M70y4Wihjd pic.twitter.com/g26sF1ap2l
— Yahoo News Australia (@YahooNewsAU) April 28, 2019
बाल्टीमोर का खराब रिकॉर्ड
हैरिसन ने पिछले महीने ही बाल्टीमोर के पुलिस कमिश्नर का कार्यभार संभाला था। उन्होंने वादा किया था कि शहर को सुरक्षित बनाने की पूरी कोशिश करेंगे। बाल्टीमोर की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। यहां दो साल में 300 से ज्यादा नरसंहार हो चुके हैं।
शनिवार को कैलिफोर्निया में हुई थी गोलीबारी
कैलिफोर्निया में शनिवार को एक बंदूकधारी ने यहूदी प्रार्थनास्थल पर गोलीबारी की था। इसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि तीन जख्मी हैं। पुलिस ने 19 वर्षीय हमलावर को गिरफ्तार किया था। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा था कि हमें यहूदी विरोधी विचारधारा को हराना चाहिए। पूरा अमेरिका पीड़ित यहूदी समुदाय के साथ खड़ा है।
छह महीने पहले भी एक हमलावर ने पीटसबर्ग के ट्री ऑफ लाइफ प्रार्थनास्थल पर 11 लोगों की हत्या कर दी थी। अमेरिका में यहूदी समुदाय पर यह सबसे बड़ा हमला था।