मंडला में पदस्थ परिवहन आरक्षक पर एक महिला डॉक्टर के साथ ज्यादती का आरोप लगा है। दो साल पहले शुरू हुए इस घटनाक्रम के वक्त वह डॉक्टर की बेटियों को ट्यूशन पढ़ाता था। बुधवार को आरोपी ने महिला और उनकी बेटियों के साथ हाथापाई भी की। कोलार पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
टीआई अनिल बाजपेयी के मुताबिक इलाके में रहने वाली 46 वर्षीय महिला के पति का काफी समय पहले निधन हो चुका है। उन्होंने बेटियों को ट्यूशन पढ़ाने के लिए धीरेंद्र तिवारी को रखा था। बाद में वह परिवहन आरक्षक बन गया। करीब दो साल पहले धीरेंद्र उनके घर पहुंचा और महिला के साथ ज्यादती कर दी। फिर बदनामी का डर दिखाकर अक्सर ऐसा करने लगा। बुधवार को आरोपी एक बार फिर महिला के घर पहुंचा और हाथापाई करने लगा। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ज्यादती का केस दर्ज कर लिया है।