भोपाल: मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि भोपाल के विकास के लिए मप्र सरकार के खजाने की चाबी दिग्विजय सिंह की जेब में रहेगी। और जिसकी जेब में चाबी रहेगी, उसे विकास की योजनाओं के लिए धन की कमी आने का सवाल ही नहीं उठता। कमलनाथ ने गुरुवार को बुधवारा में कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय पर्यावरण मंत्री रहते हुए उन्होंने स्वयं भी भोपाल के विकास के लिए काफी राशि दी। इससे भोपाल में न केवल सड़कें बनीं, बल्कि इसके साथ-साथ हरियाली भी बढ़ी।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि हम लोग भोपाल का विकास चाहते हैं। दिग्विजय सिंह की भोपाल से उम्मीदवारी को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने स्वयं उनसे अनुरोध किया था कि वे इस बार राजगढ़ की बजाय भोपाल से लोकसभा चुनाव लड़ें। वरिष्ठ नेता दिग्विजय ने उनका यह अनुरोध स्वीकार कर लिया।
भोपाल के लोगों से बनाना चाहता हूं पारिवारिक रिश्ता, विजन डाॅक्यूमेंट पर होगा काम :
दिग्विजय ने कहा कि उन्होंने विधानसभा में राघौगढ़ का प्रतिनिधित्व किया और संसद में राजगढ़ का। दोनों ही जगहों पर उनके लोगों से पारिवारिक रिश्ते हैं। वैसा ही रिश्ता मैं भोपाल के लोगों से कायम करना चाहता हूं। मैं बर्रूकट भोपाली बनकर सेवा करना चाहता हूं। मैंने भोपाल के विकास के लिए एक विजन डाॅक्यूमेंट जारी किया है।
मैं इस डाॅक्यूमेंट के अनुसार ही भोपाल का विकास करना चाहता हूं। भोपाल में बच्चों की पढ़ाई भी होगी और उन्हें रोजगार भी यहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भोपाल की गंगा जमुनी संस्कृति को बिगाड़ने की कोशिश की है। लेकिन कांग्रेस इसे बिगड़ने नहीं देगी।