भोपाल : कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को भोपाल में गायत्री मंदिर में पूजा अर्चना की. इस दौरान दिग्विजय सिंह भगवा गमछा गले में डाले हुए दिखाई दिए. दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं. लोगों का मानना है कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के उग्र हिंदुत्व का सामना करने के लिए दिग्विजय सिंह को हठयोग का सहारा लेना पड़ रहा है. दिग्विजय सिंह ने गायत्री पूजा के बाद गाय को चारा भी खिलाया.
आखिरी दौर के चुनाव के आते-आते भोपाल में कांग्रेस का भगवाकरण हो गया है. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में साधु-संतों की टोली के साथ सड़कों पर उतरे कांग्रेस के उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ने बुधवार को ही कहा था कि भगवा पर किसी का एकाधिकार नहीं है.
दिग्विजय सिंह ने बीजेपी के भगवा एजेंडे की काट के लिए कंप्यूटर बाबा का सहारा लिया है. दिग्विजय सिंह बुधवार को साधु संतों की टोली के साथ रोड शो में शामिल हुए. भोपाल की सड़कों पर उतरे साधु-संतों के हाथों में कांग्रेस के झंडे के साथ भगवा झंड़ा भी था. राजनीतिक घटनाक्रम से अंदाजा लगाया जा सकता है कि भोपाल की चुनावी लड़ाई दिलचस्प दौर में पहुंच गई है, जहां भगवा के खिलाफ भगवा है.