भोपाल: मध्यप्रदेश के आठ संसदीय क्षेत्रों पर रविवार को होने वाले मतदान में करीब एक करोड़ 44 लाख लोग मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आम चुनाव के छठें और प्रदेश में तीसरे चरण के चुनाव में प्रदेश की आठ लोकसभा सीट मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ में शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 138 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इस चरण में कुल एक करोड़ 44 लाख 41 हजार 448 मतदाताओं हैं। इनमें 76 लाख 99 हजार 863 पुरुष, 67 लाख 41 हजार 65 महिला और 520 थर्डजेंडर हैं।
कहां कितने मतदाता और प्रत्याशी
- मुरैना संसदीय क्षेत्र में कुल 18 लाख 37 हजार 723 मतदाता हैं। इनमें नौ लाख 99 हजार 47 पुरुष और आठ लाख 38 हजार 613 महिलाएं, 63 थर्ड जेंडर हैं। यहां कुल 25 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
- भिंड संसदीय क्षेत्र में 17 लाख 65 हजार 334 मतदाता हैं। इनमें 9 लाख 68 हजार 287 पुरुष और 7 लाख 96 हजार 991 महिलाएं, 56 थर्ड जेंडर हैं। यहां से 18 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
- ग्वालियर संसदीय सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या 20 लाख 744 है। इनमें से 10 लाख 79 हजार 718 पुरुष और 9 लाख 20 हजार 960 महिलाएं और 66 थर्ड जेंडर हैं। यहां प्रत्याशियों की संख्या 18 है।
- गुना संसदीय सीट पर 16 लाख 75 हजार 724 मतदाता हैं। इनमें से 8 लाख 89 हजार 161 पुरुष और 7 लाख 86 हजार 519 महिलाएं और 44 थर्ड जेंडर हैं। गुना सीट पर कुल 13 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
- सागर संसदीय क्षेत्र पर मतदाताओं की कुल संख्या 15 लाख 83 हजार 129 है। इनमें 8 लाख 41 हजार 269 पुरुष और 7 लाख 41 हजार 823 महिलाएं, 37 थर्ड जेंडर हैं। सागर में कुल 10 प्रत्याशी चुनावी रण में हैं।
- विदिशा सीट पर 17 लाख 41 हजार 604 मतदाता हैं। इनमें से 9 लाख 19 हजार 583 पुरुष और 8 लाख 21 हजार 976 महिलाएं, 45 थर्ड जेंडर हैं। विदिशा में इस बार 13 प्रत्याशी मैदान में हैं।
- भोपाल संसदीय क्षेत्र पर मतदाताओं की संख्या 21 लाख 42 हजार 861 है। इनमें 11 लाख 21 हजार 754 पुरुष और 10 लाख 20 हजार 924 महिलाएं हैं। यहां 183 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। प्रत्याशियों की संख्या 30 है।
- राजगढ़ में 16 लाख 94 हजार 329 मतदाता मताधिकार का प्रयाेग करेंगे। इनमें से 8 लाख 81 हजार 44 पुरुष और 8 लाख 13 हजार 259 महिलाएं हैं। थर्ड जेंडर के मतदाता 26 हैं। यहां कुल प्रत्याशी 11 हैं।
18 हजार से अधिक पोलिंग बूथ
- इस चरण के मतदान के लिए कुल 18 हजार 141 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। मुरैना में दो हजार 351, भिंड में दो हजार 171, ग्वालियर में दो हजार 327, गुना में दो हजार 170, सागर में दो हजार 51, विदिशा में दो हजार 330, भोपाल में दो हजार 510 और राजगढ़ में दो हजार 231 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
- प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वी एल कांताराव ने कहा कि आठ संसदीय क्षेत्रों के 18 हजार मतदान केंद्रों में पूरी व्यवस्था की गई है। बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए पृथक से व्यवस्था की गई है।