भोपाल: देश की सबसे हॉट सीट में शामिल भोपाल लोकसभा सीट पर मतगणना शुरू हो गई है। प्रदेश में सबसे ज्यादा 30 उम्मीदवार यहां से मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर के बीच है। 12 मई को हुए मतदान में इस ससंदीय क्षेत्र के इतिहास में सबसे ज्यादा 65.69 फीसदी मतदान हुआ था।
मतगणना अपडेट्स
भोपाल मे पहला राउंड पूरा, प्रज्ञा ठाकुर को 41595 और दिग्विजय सिंह को मिले 22089 वोट
साध्वी प्रज्ञा ठाकुर कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह से 25000 मतों से आगे।
डाक मतपत्रों की गिनती के बाद ईवीएम से गिनती शुरू।
डाक मतपत्रों की गिनती में आगे निकली भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर।
मतगणना केंद्र पर पहुंचे कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह। कहा- मेरे लिए चुनाव जीतना बहुत महत्वपूर्ण हैं। एग्जिट पोल बोगस है। थोड़ी देर में पहुंचेगी भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर।
भोपाल में डाक मतपत्रों की गिनती शुरू।
तीन दशक से भाजपा का कब्जा
भोपाल संसदीय क्षेत्र 1984 से भाजपा का गढ़ है। पिछले आठ चुनाव से यहां भाजपा का कब्जा है 1984 से पहले यह सीट कांग्रेस का गढ़ मानी जाती थी। पूर्व मुख्य सचिव रहे स्वर्गीय सुशीलचंद वर्मा यहां से 4 बार सांसद रहे। बाकी तीन चुनावों में पूर्व मुख्यमंत्रियों में उमा भारती और कैलाश जोशी यहां से जीते। 2014 के चुनाव में आलोक संजर ने कांग्रेस के पीसी शर्मा को पराजित किया। आलोक संजर ने कांग्रेस प्रत्याशी पीसी शर्मा को 3,70,696 वोटों से हराया था।
रिकॉर्ड वोटिंग
भोपाल सीट पर 1957 से लेकर अब तक हुए चुनाव में पहली बार 2019 में सबसे ज्यादा 65.69 फीसदी मतदान हुआ। 2014 में 57.79 फीसदी मतदान हुआ था। भोपाल सीट पर सिर्फ दो बार ही ऐसे मौके आए, जब मतदान का प्रतिशत 60 के अधिक रहा। पहली बार 1977 में इमरजेंसी के बाद हुए चुनाव में 61.76% और दूसरी बार 1999 में 61.88%। 1957 में भोपाल में पहला लोकसभा चुनाव हुआ था। इसमें कांग्रेस की मैमुना सुल्तान जीती थीं।