- प्रदेश

भाजपा विधायक ने गोडसे को बताया राष्ट्रवादी, कमलनाथ बोले- ऐसे बयानों से पार्टी की सोच उजागर होती है

इंदौर: महू से भाजपा विधायक उषा ठाकुर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे गोडसे को राष्ट्रवादी बताया। ठाकुर के बयान पर मप्र के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दुख जताते हुए कहा कि इससे भाजपा की सोच उजागर होती है। इससे पहले लोकसभा चुनाव के दौरान भोपाल से सांसद चुनी गई प्रज्ञा ठाकुर ने भी गोडसे को राष्ट्रभक्त कहा था।

इंदौर में देवी अहिल्या जन्मोत्सव समिति के कार्यक्रम में उषा ठाकुर ने गोडसे से संबंधित सवाल के जवाब में कहा, ‘वे राष्ट्रवादी थे। कोई व्यक्ति जीवन भर देश की चिंता करता है। क्या परिस्थिति रही होगी जो उन्होंने यह निर्णय लिया यह तो वह ही जानता है। आप और हमको इस पर कोई टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।’

इससे पहले लोकसभा चुनाव के दौरान भोपाल से भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर ने एक चुनावी रैली के दौरान दिए बयान में गोडसे को राष्ट्रभक्त बताया था। प्रज्ञा ने कहा था कि गोडसे राष्ट्रभक्त थे, हैं और रहेंगे। उन्हें आतंकवादी कहने वाले पहले अपने गिरेबां में झांके।

प्रज्ञा के इस बयान पर काफी बवाल मचा था। भाजपा ने प्रज्ञा के इस बयान से खुद को अलग करते हुए उनका व्यक्तिगत बयान बताया था। चौतरफा दबाव के बाद प्रज्ञा ने अपने गोडसे वाले बयान पर माफी भी मांगी थी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि वह प्रज्ञा को दिल से कभी भी माफ नहीं कर सकेंगे।

तीन तलाक के विरोध ने दिलाए मोदी को वोट
लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा को मिली शानदार जीत के संबंध में उषा ने कहा कि तीन तलाक के विरोध ने मोदी को वोट दिलाए। मोदी सरकार के फैसले से अल्पसंख्यक महिलाओं ने जो राहत महसूस की ये उसी का परिणाम है। मुस्लिम बहनों ने भी मोदी को राष्ट्र नायक के रूप में स्वीकारा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *