लंदन : विराट कोहली ऐसे इकलौते क्रिकेटर हैं जो सबसे ज्यादा कमाई करने वाले दुनिया के टॉप-100 खिलाड़ियों की फोर्ब्स की लिस्ट में लगातार तीसरे साल जगह बनाए हुए हैं। कोहली 2017 में 141 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ 89वें और 2018 में 160 करोड़ रुपए की कमाई के साथ 83वें नंबर पर थे। जून 2018 से लेकर जून 2019 तक उनकी कमाई 7 करोड़ रु. (10 लाख डॉलर) बढ़कर 173.5 करोड़ रुपए पहुंच गई। इसके बावजूद इस बार वे 100वें स्थान पर हैं। फोर्ब्स की सूची के अनुसार, कोहली को विज्ञापनों से 2.1 करोड़ डॉलर जबकि वेतन और जीत से 40 लाख डॉलर की कमाई होती है। पिछले 12 महीने में उनकी कुल कमाई 2.5 करोड़ डॉलर की रही है। हालांकि विज्ञापन से उनकी कमाई में 10 लाख डॉलर का इजाफा हुआ है।
With earnings of $127 million in 2019, Messi leads Forbes’ list of the world’s highest-paid athletes https://t.co/ydmyv2nC6C pic.twitter.com/ujBE5ej98o
— Forbes SportsMoney (@ForbesSports) June 11, 2019
वहीं पहली बार अर्जेंटीना के फुटबॉलर लियोनेल मेसी पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो को पछाड़कर टॉप पर पहुंच हैं। उनकी पिछले साल की कमाई 881.72 करोड़ रुपए (12.7 करोड़ डॉलर) रही। वहीं रोनाल्डो ने इस दौरान 756.35 करोड़ रुपए (10.9 करोड़ डॉलर) कमाए। इस लिहाज से टॉप-100 के पहले स्थान पर मौजूद मेसी और आखिरी स्थान पर स्थित कोहली की कमाई में करीब 5 गुना का अंतर रहा। फोर्ब्स ने सालाना कमाई में खिलाड़ियों की सैलरी के साथ, टूर्नामेंट में उनके जीत की रकम, उनके एंडोर्समेंट और विज्ञापन से होने वाली कमाई को जोड़ा है।
With earnings of $25 million, #ViratKohli is the only cricketer in Forbes’ list of the world’s 100 highest-paid athletes. He was ranked 83rd in 2018 pic.twitter.com/eJOcDqJfpO
— ESPNcricinfo (@ESPNcricinfo) June 12, 2019
टॉप-100 में सेरेना विलियम्स एकमात्र महिला
वहीं महिलाओं में टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स टॉप-100 में शामिल एकमात्र महिला हैं। बीते साल उनकी कमाई 202.5 करोड़ रुपए (2.9 करोड़ डॉलर) रही। टेनिस खिलाड़ियों के पुरुष वर्ग में रोजर फेडरर ने 647 करोड़ रुपए (9.34 करोड़ डॉलर) की कमाई के साथ पांचवे स्थान पर कब्जा जमाया।
फोर्ब्स की लिस्ट में इस बार 25 देशों के एथलीट्स शामिल
सबसे ज्यादा कमाने वाले एथलीट्स में पिछली बार 22 देशों के खिलाड़ियों के मुकाबले इस बार 25 देशों के खिलाड़ी शामिल हैं। इनकी कुल कमाई करीब 4 अरब डॉलर (27,763 करोड़ रुपए) रही, जो कि पिछली बार से 5% ज्यादा रही। पिछली बार अमेरिकी बॉक्सर फ्लॉयड मेवेदर 1978 करोड़ रुपए की सालाना कमाई के साथ नंबर-1 पर थे। यानी उनकी कमाई इस बार की मेसी और रोनाल्डो की संयुक्त कमाई (1638.07) से भी ज्यादा थी। खास बात यह है कि लिस्ट में पहली बार एक साथ तीन फुटबॉलर रैंकिंग में टॉप-3 में रहे।
खिलाड़ी | देश | खेल | कमाई (करोड़ रु. में) |
लियोनेल मेसी | अर्जेंटीना | फुटबॉल | 881.72 |
क्रिस्टियानो रोनाल्डो | पुर्तगाल | फुटबॉल | 756.35 |
नेमार | ब्राजील | फुटबॉल | 728.64 |
कनेलो अल्वारेज | मेक्सिको | बॉक्सिंग | 652.31 |
रोजर फेडरर | स्विट्जरलैंड | टेनिस | 648.21 |
रसेल विल्सन | अमेरिका | अमेरिकन फुटबॉल | 621.15 |
ऐरन रॉजर्स | अमेरिका | अमेरिकन फुटबॉल | 619.83 |
लेब्रॉन जेम्स | अमेरिका | बास्केबॉल | 617.74 |
स्टीफन करी | अमेरिका | बास्केबॉल | 553.89 |
केविन डुरंट | अमेरिका | बास्केटबॉल | 453.94 |