- प्रदेश

17 राज्यों में अगले 3 से 4 दिन भारी बारिश हो सकती है : मौसम विभाग

नई दिल्ली: मौसम विभाग (आईएमडी) ने देश के 17 राज्यों में अगले 3 से 4 दिन तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान उत्तर-पूर्वी, दक्षिण और पश्चिमी तटीय राज्यों भारी बारिश की संभावना है। अरब सागर में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है, जिससे कर्नाटक के तटीय इलाकों में तेज लहरें उठ सकती हैं। केरल, लक्षद्वीप में अलर्ट है।

शनिवार और रविवार को पूर्वी राजस्थान, गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र में भारी बारिश हुई। महाराष्ट्र के कोल्हापुर में लगातार बारिश से 14 जलाशयों में पानी बढ़ गया है। नासिक में 24 घंटे में रिकाॅर्ड 17 सेमी से ज्यादा बारिश हुई। गोदावरी नदी के किनारे से 250 परिवारों को सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है। गुजरात के वलसाड में भी बाढ़ के हालात हैं।

37 दिनों में देश में सामान्य से 21% कम बारिश

अब तक 20 राज्यों में सामान्य से कम बारिश हुई।

1 जून से 7 जुलाई तक देश में 179 मिमी बारिश हुई।

अब तक सामान्य बारिश 225.4 मिमी होनी चाहिए थी।

रविवार को देश में सामान्य से 39% ज्यादा बारिश हुई

रविवार शाम तक देश में 12.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। यह सामान्य (8.7 मिमी) से 39% से ज्यादा है। रविवार को 13 राज्यों में सामान्य से बहुत ज्यादा और 2 राज्यों में ज्यादा बारिश हुई। 6 राज्यों में सामान्य बारिश हुई। 9 राज्यों में सामान्य से बहुत कम और 6 राज्यों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई।

कम बारिश से अभी तक 27% घटा खरीफ फसलों का रकबा

कृषि मंत्रालय के मुताबिक, जून और जुलाई के पहले हफ्ते में मानसूनी बारिश कम होने से खरीफ की फसल प्रभावित हुई है। पिछले साल से अभी तक खरीफ फसलों का रकबा 27% घटा है। पिछले हफ्ते तक देश में 234.33 लाख हेक्टेयर खरीफ फसल की बुआई हो सकी है। जबकि पिछले साल इस समय तक 319.68 लाख हेक्टेयर में खरीफ की बुआई हुई थी। धान खरीफ की मुख्य फसल है। पिछले हफ्ते तक देश में सिर्फ 52.47 लाख हेक्टेयर में ही धान की रोपाई हुई है। जबकि पिछले साल इस समय तक 68.60 लाख हेक्टेयर में रोपाई हो चुकी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *