- देश, स्थानीय

तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं शीला दीक्षित का दिल का दौरा पड़ने से निधन

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 81 साल की थीं। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उन्हें शुक्रवार सुबह सीने में जकड़न की शिकायत के बाद एस्कार्ट्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के प्रवक्ता अजय महाराज का कहना है कि आज दोपहर बाद 3:55 पर शीला दीक्षित ने अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें कार्डिएक अरेस्ट हुआ था।

पीएम मोदी ने शीला के निधन पर जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर ट्वीट करते हुए लिखा- “शीला जी के निधन से काफी दुख हुआ। उन्होंने दिल्ली के विकास में काफी अहम योगदान दिया था। उनके परिवार और समर्थकों को सांत्वना।”

मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने नई दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस की मूर्धन्य नेता श्रीमती शीला दीक्षित के निधन पर शोक व्यक्त किया है। श्री कमल नाथ ने शोक संदेश में कहा कि नागरिक सुविधाओं की दृष्टि से नई दिल्ली का कायाकल्प करने में श्रीमती शीला दीक्षित के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री नाथ ने कहा कि नागरिक मुद्दों के प्रति संवेदनशील श्रीमती दीक्षित गांधीवादी दर्शन और सिद्धांतों पर आधारित राजनीति की पक्षधर थीं। वे संगठन क्षमता में पूर्ण दक्ष थीं। उन्होंने लंबे समय तक कांग्रेस पार्टी की सेवा करते हुए विकास के लिए प्रतिबद्ध राजनीति की।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को यह दु:ख सहने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *