- प्रदेश

नागचंद्रेश्वर दर्शन पर उज्जैन में उमड़ा भक्तों का सैलाब

उज्जैन : श्रावण सोमवार और नागपंचमी के विशेष संयोग से नागचंद्रेश्वर के दर्शन के लिए रविवार रात में ही अनुमान से ज्यादा भीड़ उमड़ पड़ी। रात से सुबह तक एक लाख से ज्यादा लोग अपने आराध्य के दर्शन कर चुके हैं, वहीं डेढ़ किलोमीटर से ज्यादा लंबी लाइन में भक्त खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा लगातार भक्तों के उज्जैन पहुंचने का सिलसिला जारी है।

साल में एक बार नागपंचमी पर खुलने वाला महाकाल मंदिर की तीसरी मंजिल पर विराजित नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट रविवार रात 12 बजे खुले, यहां भक्त सोमवार रात 12 बजे तक दर्शन कर पाएंगे। श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ी तो प्रशासन के इंतजाम ध्वस्त हो गए। भीड़ काबू करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया।

नागचंद्रेश्वर के दर्शन के लिए रविवार रात 9 बजे तक कतारें फुल हो गई थीं। श्रद्धालुओं को रविशंकर नगर की ओर जाने वाले मार्ग पर ओवरब्रिज तक और इधर, त्रिवेणी संग्रहालय मार्ग पर श्रद्धालुओं को रोक दिया। श्रद्धालु कतार की ओर जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस उन्हें पीछे धकेलती रही। रात 12.30 बजे तक ब्रिज के नीचे से रविशंकर नगर तक लोग जमा थे। इधर, त्रिवेणी संग्रहालय की तरफ से होकर लोग चारधाम मंदिर जाने वाले मार्ग तक जमा हो गए थे। रात 1 बजे यहां से श्रद्धालुओं को छोड़ने की शुरुआत की गई, लेकिन रफ्तार धीमी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *