भोपाल: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को लागू करने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को अपराधी बताया था। रविवार को उनके इस बयान पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि शिवराज नेहरूजी के पैरों की धूल भी नहीं हैं। उन्हें शर्म आनी चाहिए। वहीं, मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि नेहरू आधुनिक भारत के निर्माता थे। निधन के 55 साल बाद उन्हें अपराधी कहना बेहद आपत्तिजनक है।
कश्मीर मुद्दे पर दिग्विजय ने कहा कि इंटरनेशनल मीडिया में सबकुछ दिखाया जा रहा है। हमें भी देखना चाहिए कि कश्मीर में आखिर हो क्या रहा है। उन्होंने (सरकार) अपने हाथ आग में जला लिए हैं। हमारी प्राथमिकता कश्मीर को बचाने की होनी चाहिए। मैं मोदीजी, अमित शाह और अजीत डोभाल से अपील करता हूं कि वे सावधान रहें, वरना हम कश्मीर खो सकते हैं।