विदिशा : विदिशा जिले में गुरुवार को रात 10 बजे शुरू हुई तेज बारिश के कारण शुक्रवार सुबह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। करीब छह घंटे में 4.7 इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। ऐसा लगा रात को बादल ही फट गए। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को भारी बारिश के कारण जिले के सभी निजी और शासकीय स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। बीती रात हुई बारिश से जिला मुख्यालय पर बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। निचली बस्तियों में करीब चार फीट तक पानी भर गया है। शुक्रवार को मौसम विभाग ने विदिशा समेत 13 जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान लगाया है।