भोपाल : कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को मध्यप्रदेश के किसानों से माफी मांगने की सलाह दी है। गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, ‘राज्य में हमारी सरकार कृषि ऋण माफी के वादे को पूरा नहीं कर पाई है। राहुल गांधी को किसानों से माफी मांगनी चाहिए। उन्हें यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि कर्ज माफी में कितना वक्त लगेगा। इससे किसानों के बीच एक अच्छा संदेश जाएगा।’ चाचौड़ा से विधायक लक्ष्मण सिंह मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई हैं।
इससे पहले बुधवार को लक्ष्मण सिंह ने कहा था कि कांग्रेस ने जल्दबाजी में कर्जमाफी का वादा किया था। राहुल गांधी को दस दिन में कर्जमाफी की घोषणा नहीं करनी चाहिए थी। इस साल भी किसानों की कर्जमाफी नहीं हो पाएगी। मुख्यमंत्री कमलनाथ किसानों के कर्ज माफ करने के प्रयास अवश्य कर रहे हैं, लेकिन यह भी सच्चाई है कि राज्य सरकार की वित्तीय स्थिति ठीक नहीं है।
20 लाख किसानों में से एक तिहाई के खाते में नहीं पहुंचे रुपए
राज्य सरकार की ओर से 20 लाख किसानों के कर्ज माफ करने संबंधी दावे के बारे में पूछे जाने पर लक्ष्मण सिंह ने कहा कि कमलनाथ ने किसानों के कर्ज माफ करने संबंधी फाइल पर दस्तखत किए। इसके बाद किसानों को कर्जमाफी संबंधी प्रमाणपत्र भी दे दिए गए। लेकिन उनकी जानकारी के मुताबिक 20 लाख किसानों में से लगभग एक तिहाई किसान ऐसे हैं, जिनके खाते में पैसे अभी भी नहीं पहुंचे हैं।
शिवराज ने कहा- सोनिया-राहुल बताएं किसान क्या करें
उधर, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भी किसानों की कर्जमाफी को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों से कर्जमाफी को लेकर झूठा वादा किया था। अब पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी बताएं कि किसान क्या करें?
20 सितंबर को प्रदर्शन करेगी भाजपा
राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का बाढ़ पर चौहान ने कहा कि प्रदेश के किसानों और बाढ़ पीड़ितों को तत्काल राहत और मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी 20 सितंबर को हर विधानसभा में शांतिपूर्ण ढंग से धरना और प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि वे सरकार से कहना चाहते हैं कि वो आंदोलन की नौबत नहीं आने दे।