- खेल

रोहित दोनों पारियों में शतक लगाने वाले छठे भारतीय

विशाखापट्टनम: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विशाखापट्टनम में खेले जा रहे पहले टेस्ट में भारतीय टीम ने 384 रन की बढ़त बना ली है। टेस्ट के चौथे दिन का खेल खत्म होने तक अफ्रीकी ने 1 विकेट पर 11 रन बना लिए थे। भारत ने अपनी दूसरी पारी 4 विकेट पर 323 रन बनाने के बाद घोषित कर दी। पहली पारी में उसने 502 रन बनाए थे। इससे पहले अफ्रीकी टीम पहली पारी में 431 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। वहीं, दूसरी पारी में डीन एल्गर 2 रन बनाकर जडेजा की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। एडेन मार्कराम 3 और थिउनिस डी ब्रुईन 5 रन बनाकर नाबाद हैं।

भारत के लिए रोहित शर्मा ने लगातार दूसरी पारी में शतक लगाया। वे 127 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने पहली पारी में 176 रन बनाए थे। वे बतौर ओपनर पहले टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज हैं। रोहित दोनों पारियों में शतक लगाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज हैं। पहली बार पूर्व क्रिकेटर विजय हजारे ने ये उपलब्धि हासिल की थी। सुनील गावस्कर ने सबसे ज्यादा तीन बार टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाया। राहुल द्रविड़ ने दो बार ऐसा किया था। हजारे, कोहली और रहाणे ने एक-एक बार इस उपलब्धि को अपने नाम किया।

रोहित के करियर का पांचवां शतक

रोहित ने टेस्ट करियर का पांचवां शतक लगाया। चेतेश्वर पुजारा 81 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें वर्नोन फिलैंडर ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। रोहित ने पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 169 रन की साझेदारी की। पुजारा ने 21वां अर्धशतक लगाया। मयंक अग्रवाल 7 रन ही बना सके। उन्हें केशव महाराज ने डुप्लेसिस के हाथों कैच कराया। विराट कोहली 31 और अजिंक्य रहाणे 27 रन बनाकर नाबाद रहे। रविंद्र जडेजा ने 40 रन का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए केशव महाराज ने दो विकेट लिए।

रोहित एक टेस्ट में सबसे ज्यादा 13 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने पाकिस्तान के वसीम अकरम का रिकॉर्ड तोड़। अकरम ने 1996 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 12 छक्के लगाए थे। भारतीयों में रोहित के बाद दूसरे नंबर पर नवजोत सिंह सिद्धू हैं। सिद्धू ने 1994 में लखनऊ में श्रीलंका के खिलाफ 8 छक्के लगाए थे।

रोहित एक वनडे और टी-20 में भी सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय हैं। उन्होंने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु वनडे में 16 छक्के लगाए थे। इसके बाद 2017 में इंदौर में खेले गए टी-20 में श्रीलंका के खिलाफ 10 छक्के लगाए थे।

अश्विन ने दूसरी बार 7 विकेट के लिए 100+ रन दिए

किसके खिलाफ जगह साल प्रदर्शन
न्यूजीलैंड इंदौर 2016-17 7/59
दक्षिण अफ्रीका नागपुर 2015-16 7/66
वेस्टइंडीज नॉर्थ साउंड 2016 7/83
ऑस्ट्रेलिया चेन्नई 2012-13 7/103
दक्षिण अफ्रीका विशाखापट्टनम 2019/20 7/145

डीकॉक-एल्गर का भारत में पहला शतक
इससे पहले अफ्रीकी टीम के लिए तीसरे दिन ओपनर डीन एल्गर ने 160 और विकेटकीपर क्विंटन डीकॉक ने 111 रन की पारी खेली। भारत के लिए रविंद्र जडेजा ने 2 और इशांत शर्मा ने एक विकेट लिए। डीकॉक ने करियर का 5वां शतक लगाया। उन्हें अश्विन ने बोल्ड कर दिया। एल्गर ने 12वां शतक लगाया। वे 160 रन बनाकर रविंद्र जडेजा की गेंद पर चेतेश्वर पुजारा को कैच थमा बैठे। दोनों बल्लेबाजों ने भारतीय मैदान पर पहली बार टेस्ट में शतक लगाया। वर्नोन फिलैंडर (0) को अश्विन ने बोल्ड कर दिया।

रवींद्र जडेजा ने रचा इतिहास, सबसे तेज 200 विकेट लेने वाले बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज
पहले टेस्ट के तीसरे दिन टीम इंडिया स्पिन गेंदबाज रवींद्र जडेजा ने शनादार गेंदबाजी करते हुए एक कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। जडेजा ने दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज डीन एल्गर को आउट कर टेस्ट क्रिकेट में अपना 200 विकेट पूरा कर लिया। टेस्ट क्रिकेट में 200 विकेट लेने वाले जडेजा 10वें भारतीय गेंदबाज हैं।
रवींद्र जडेजा ने ये कारनामा अपने 44वें टेस्ट मैच में किया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला टेस्ट मैच शुरू होने से पहले उनके नाम 198 विकेट दर्ज थे। मैच के दूसरे दिन आखिरी सेशन में जडेजा ने दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज डेन पीट को आउट कर 199 विकेट के आंकडे पर पहुंच गए थे। शुक्रवार को आखिरी सत्र में उन्होने एल्गर को पुजारा के हाथों मिडविकेट पर कैच कराकर अपना 200वां टेस्ट विकेट झटक लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *