नॉर्वे : इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली को नोबेल शांति पुरस्कार मिला है. यह पुरस्कार उनके देश के चिर शत्रु इरिट्रिया के साथ संघर्ष को सुलझाने के लिए दिया गया है. नोबेल कमेटी ने इसकी जानकारी दी है. नोबेल पुरस्कार जूरी ने बताया अबी को ‘‘शांति और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग प्राप्त करने के प्रयासों के लिए और विशेष रूप से पड़ोसी इरिट्रिया के साथ सीमा संघर्ष को सुलझाने के निर्णायक पहल के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है.”
इथियोपिया अफ्रीका का दूसरा सबसे घनी आबादी वाला देश है और पूर्वी अफ्रीका का सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश है.
BREAKING NEWS:
The Norwegian Nobel Committee has decided to award the Nobel Peace Prize for 2019 to Ethiopian Prime Minister Abiy Ahmed Ali.#NobelPrize #NobelPeacePrize pic.twitter.com/uGRpZJHk1B— The Nobel Prize (@NobelPrize) October 11, 2019
इससे पहले 10 अक्टूबर को वर्ष 2018 के लिए पोलिश लेखिका ओल्गा टोकार्कज़ुक को साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया. वर्ष 2019 के लिए साहित्य का नोबेल पुरस्कार ऑस्ट्रियाई लेखक पीटर हैंडके को दिया गया. स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में नोबेल फाउंडेशन ने नोबेल पुरस्कार विजेताओं की घोषणा की. बुधवार, 9 अक्टूबर को कैमिस्ट्री के नोबेल पुरस्कार की घोषणा की गई थी, और वह लिथियम-आयन बैटरी का विकास करने के लिए अमेरिका के जॉन बी. गुडइनफ, इंग्लैंड के एम. स्टैनली विटिंघम तथा जापान के अकीरा योशिनो को संयुक्त रूप से दिया गया था.
मंगलवार, 8 अक्टूबर को भौतिकी का नोबेल पुरस्कार घोषित किया गया था, जो कनाडाई-अमेरिकी एस्ट्रो-फिज़िसिस्ट जेम्स पीबल्स, स्विस एस्ट्रो-फिज़िसिस्ट मिशेल जी.ई. मेयर और स्विस एस्ट्रोनोमर डिडिएर क्वेलोज को प्रदान किया गया था. जेम्स पीबल्स को ‘भौतिक ब्रह्माण्ड विज्ञान में सैद्धांतिक खोजों के लिए’, मिशेल मेयर और डिडिएर क्वेलोज़ को ‘एक सौर-प्रकार के तारे की परिक्रमा करने वाले एक्सोप्लेनेट की खोज के लिए’ संयुक्त रूप से नोबेल पुरस्कार दिया गया था. पुरस्कार की आधी राशि जेम्स पीबल्स को दिए जाने की घोषणा की गई, जबकि शेष राशि को अन्य दोनों विज्ञानियों में बराबर-बराबर बांटा गया.
सोमवार, 7 अक्टूबर को अमेरिका के विलियम जी. कायलिन जूनियर और ब्रिटेन के ग्रेग एल. सेमेन्ज़ा और सर पीटर जे. रैटक्लिफ को चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार की घोषणा की गई थी. इन विज्ञानियों ने पता लगाया है कि ऑक्सीजन का स्तर किस तरह हमारे सेलुलर मेटाबोलिज़्म और शारीरिक गतिविधियों को प्रभावित करता है. इस खोज से एनीमिया, कैंसर और अन्य बीमारियों के खिलाफ लड़ाई में नई रणनीति बनाने का रास्ता साफ हुआ.
गुरुवार को की गई घोषणा सहित वर्ष 1901 से अब तक साहित्य का नोबेल पुरस्कार 112 बार और 116 लेखकों को दिया जा चुका है. अब तक कुल 15 महिलाओं को साहित्य का नोबेल पुरस्कार दिया गया है. सबसे कम उम्र में साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित होने वाले 41-वर्षीय रुडयार्ड किपलिंग थे, जिन्हें 1907 में पुरस्कृत किया गया था, और सबसे बड़ी उम्र में साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित होने वाली लेखिका 88-वर्षीय डोरिस लेसिंग थीं, जिन्हें 2007 में यह पुरस्कार प्रदान किया गया.
साहित्य का नोबेल पुरस्कार सात अवसरों – 1914, 1918, 1935, 1940, 1941, 1942 तथा 1943 – पर नहीं दिया गया था. चार बार साहित्य का नोबेल पुरस्कार दो-दो लेखकों को संयुक्त रूप से दिया गया. वर्ष 1904 में फ्रेडरिक मिस्त्राल व जोसे एकेगेरे को, वर्ष 1917 में कार्ल जेलरप व हेनरिक पॉन्टोप्पिडन को, वर्ष 1966 में शूमेल एगनॉन व नेली सैक्स को तथा वर्ष 1974 में आईविन्ड जॉनसन व हैरी मार्टिनसन को संयुक्त रूप से दिया गया था. साहित्य का नोबेल पुरस्कार कभी किसी लेखक को दो बार नहीं दिया गया है.