भोपाल : मुख्यमंत्री कमलनाथ ने झाबुआ में मिली कांग्रेस की जीत को लोगों के कांग्रेस पर विश्वास का प्रतीक बताया। उन्होंने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से कहा कि निराश होने की जरूरत नहीं। भाजपा नेताओं को चुनौती दी कि दस माह से सरकार गिराने की बातें हो रही थीं। ‘मैं तो कहता हूं आइए और गिराइए सरकार।” आप खुद हरियाणा और महाराष्ट्र में टिके रहें, हमारी चिंता न करें।
झाबुआ की जीत के बाद आत्मविश्वास से परिपूर्ण मुख्यमंत्री कमलनाथ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा यह स्वीकार करे कि जनता ने उसे रिजेक्ट किया है। ये चुनाव नतीजे एग्जिट पोल वालों के लिए भी सबक हैं जो कि कांग्रेस को बहुत कम सीटें दे रहे थे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अब चिंता करने की जरूरत नहीं, जनता ने स्पष्ट संदेश दे दिया है। जनता को अहसास हो गया है कि उनकी भावनाओं से खिलवाड़ किया गया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में झाबुआ जीत का जश्न मनाया गया कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटीं।
इस अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए कमलनाथ ने कहा कि पिछले साढ़े सात महीनों में हमारी सरकार ने इस विश्वास को मजबूत बनाने के लिए नियत और नीति के जरिए यह बताया है कि हम काम करने में विश्वास रखते हैं। जनता को दिए गए वचनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जनता जान चुकी है कि प्रदेश में घोषणाओं और कलाकारी की राजनीति समाप्त हो गई है।
कमलनाथ ने कहा कि झाबुआ के साथ भाजपा के राज में पिछले 15 साल धोखा हुआ, उनकी उम्मीदें पूरी नहीं हुईं। उन्होंने कहा कि झाबुआ के नतीजे बताते हैं कि जनता भाजपा से निराश है। न केवल झाबुआ मध्यप्रदेश, बल्कि देश की जनता में भी भाजपा को लेकर निराशा की लहर है। नाथ ने कहा कि कुछ महीने पहले हुए लोकसभा चुनाव के मुकाबले आज जो परिणाम आए हैं, उससे साफ होता है कि जनता भाजपा के राज-काज से निराश है।

Chief Minister Kamal Nath झाबुआ की जीत पर बोले : MP में घोषणा और कलाकारी की राजनीति खत्म
Updated:Thu, 24 Oct 2019 09:53 PM (IST)