- खेल

अंडर-19 वर्ल्ड कप : भारत ने जापान को दस विकेट से हराया

भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड (Under-19 world cup) कप में लगातार दूसरा मैच जीता। उसने मंगलवार को जापान (Japan) को दस विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जापान की पूरी टीम महज 41 रन पर ऑलआउट हो गई। यह टूर्नामेंट के इतिहास का दूसरा सबसे कम स्कोर है। भारत (India) के लिए रवि बिश्नोई ने 8 ओवर में 5 रन देकर 4 विकेट लिए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, कार्तिक त्यागी ने तीन और आकाश सिंह को दो विकेट मिले। जापान पहली बार वर्ल्ड कप खेल रहा है। भारत ने पहले लीग मैच में श्रीलंका को 90 रन से हराया था। भारत का तीसरा लीग मैच 24 जनवरी को न्यूजीलैंड से होगा।

अंडर-19 का यह 13वां वर्ल्ड कप है। भारतीय टीम अब तक 4, ऑस्ट्रेलिया 3, पाकिस्तान 2 के अलावा इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका 1-1 बार यह खिताब जीत चुके हैं। 4 बार की विजेता भारत को इस बार भी खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। भारतीय टीम ने पहला खिताब 2000 में मोहम्मद कैफ की कप्तानी में जीता था। पिछली बार 2018 में भारत ने पृथ्वी शॉ की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था।

भारत को ग्रुप-ए में रखा गया है, जिसमें जापान, न्यूजीलैंड और श्रीलंका भी हैं। ग्रुप बी में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, नाइजीरिया और वेस्टइंडीज हैं। ग्रुप-सी में बांग्लादेश, पाकिस्तान, स्कॉटलैंड और जिम्बाब्वे हैं, जबकि ग्रुप-डी में अफगानिस्तान, कनाडा, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) हैं। नाइजीरिया और जापान ने पहली बार क्वालिफाई किया है। हर ग्रुप से दो शीर्ष टीमें सुपर लीग में पहुंचेंगी। चार शहरों और आठ मैदानों पर कुल 24 मैच खेले जाएंगे।

दोनों टीमें
भारत: यशस्वी जायसवाल, कुमार कुशाग्र, तिलक वर्मा, प्रियम गर्ग(कप्तान),  ध्रुव जोरेल(विकेटकीपर), सिद्धेश वीर, शाश्वत रावत, रवि बिश्नोई, विद्याधर पाटिल, कार्तिक त्यागी, आकाश सिंह।

जापान : मार्कस थर्गेट (विकेटकीपर), शू नोगोची, नील दाते, देवाशीष साहू, कजूमाशा ताकाहाशी, इशान फरतयाल, एशले थर्गेट, कंटो डोबेल, मैक्स क्लीमेंट्स, युगांधर रिठारेकर, सोरा इचिकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *