छतरपुर: मध्य प्रदेश में छतरपुर और सागर जिले की सीमा पर बक्स्वाहा में मजदूरों से भरा एक ट्रक पलटने से 5 मजदूरों की मौत हो गई और करीब 19 मजदूर घायल हो गए। घायल मजदूरों को इलाज के लिए सागर जिले के बंडा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलने पर दोनों जिले की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सभी मजदूर महाराष्ट्र से ट्रक में बैठकर उत्तर प्रदेश जा रहे थे। हादसा सेल नाका पुलिस पर हुआ है, जहां ड्राइवर ट्रक पर से संतुलन खो बैठा और यह हादसा हो गया। अभी हादसे में मारे गए मजदूरों की पहचान नहीं हो पाई है। यह भी बताया जा रहा है कि मृतकों में एक महिला भी शामिल हैं, जिसके बच्चे उसके पास बिलखते मिले।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सागर संभाग में हुए सड़क हादसे में श्रमिकों की मौत पर शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा ‘सागर में सड़क दुर्घटना में कई श्रमिक बंधुओं के असमय काल कवलित तथा घायल होने का दुखद समाचार मिला। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान देने एवं परिजनों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि।