सरकार हाल में ही नेशनल क्राइम रिकार्ड्स ब्यूरो के नवीनतम प्रकाशित आंकड़ों पर चुप है। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि वर्ष 2021 की तुलना में महिलाओं पर अत्याचार के मामले वर्ष 2022 में 4 प्रतिशत बढ़ गए हैं और दिल्ली जहां क़ानून व्यवस्था की जिम्मेदारी सीधे भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन है देश में महानगरों में महिलाओं के लिए सबसे अधिक असुरक्षित है। एनसीआरबी के आंकड़े बताते है कि हमारे देश में वर्ष 2022 में औसतन हरेक घंटे महिलाओं पर अत्याचार से संबंधित 55 मामले दर्ज किए जाते हैं।
एनसीआरबी के अनुसार वर्ष 2020 में देश में महिलाओं पर अत्याचार के 371503 मामले दर्ज किए गए थे, फिर वर्ष 2021 में 428278 मामले दर्ज किए गए, जबकि वर्ष 2022 में दर्ज मामलों की संख्या बढ़कर 445256 तक पहुंच गई। अब सरकार की तरफ से दलील दी जा रही है कि दरअसल महिलाओं पर अत्याचार नहीं बढ़ा है बल्कि अब मामले आसानी से दर्ज किए जाने लगे हैं। दूसरी तरफ महिलाओं पर अत्याचार के जब भी बड़े मामलों की मीडिया में गूंज सुनाई देती है, तब हरेक पीडिता या फिर उसके संबंधी यही बताते हैं कि पुलिस ने उनका मामला दर्ज नहीं किया है, या फिर बड़ी भागदौड़ के बाद दर्ज किया है।
दिल्ली पुलिस के राज में हरेक दिन औसतन बलात्कार के 3 मामले सामने आते हैं। देश के 19 बड़े शहरों में होने वाले कुल महिला अत्याचार के मामलों में से 29 प्रतिशत मामले अकेले दिल्ली में दर्ज किए जाते हैं। महिलाओं पर अत्याचार की दर प्रति एक लाख महिलाओं में अत्याचार झेलने वाली महिलाओं के संख्या के आधार पर तय की जाती है। देश में यह दर 66.4 है, पर दिल्ली में दर 144.4 है, जो राष्ट्रीय औसत से लगभग 2.2 गुना अधिक है।
सरकार को मणिपुर हिंसा या सामाजिक अशांति से कोई परहेज नहीं है, पर महिला उत्पीड़न पर वही रटी-रटाई स्क्रिप्ट और भौंडा अभिनय देखने को मिला था। पूरा देश इस घटना से शर्मसार है। इसके बाद फिर वही ऑफ-ट्रैक वक्तव्य–दोषियों को सख्त सजा मिलेगी। नेशनल क्राइम रिकार्ड्स ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार हमारे देश में हरेक दिन औसतन 88 महिलाएं बलात्कार का शिकार होती हैं। यह केवल पुलिस थानों में दर्ज आंकड़े हैं, जाहिर है बलात्कार के मामले इससे बहुत अधिक होंगे।
ब्यूरो के अनुसार वर्ष 2022 में बलात्कार के कुल 31982 मामले, वर्ष 2021 के आंकड़ों के अनुसार देश में कुल 31677 बलात्कार के मामले दर्ज किए गए, जबकि वर्ष 2020 में यह संख्या 28046 थी। मोदी राज में ऐसे अपराध इतने व्यापक तरीके से किए जाने लगे हैं कि जनता को अब किसी ऐसी घटना पर शर्म नहीं आती। बलात्कार के सन्दर्भ में पहले स्थान पर राजस्थान है, पर इसके बाद उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और हरियाणा हैं। बलात्कार के मामलों में सबसे आगे दिल्ली है और दूसरे स्थान पर जम्मू और कश्मीर है। बलात्कार के अलावा देश में 250 ऐसे मामले दर्ज किए गए जहां सामूहिक बलात्कार या बलात्कार के बाद पीड़िता की हत्या कर दी गई।
एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार देश में केवल महिलाओं पर अत्याचार और हिंसा में ही बढ़ोत्तरी नहीं हो रही है, बल्कि बच्चे, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की आबादी भी पहले से अधिक असुरक्षित हो गयी है। देश में प्रति एक लाख महिलाओं में से औसतन 66.4 महिलाएं अत्याचार झेलती हैं पर 12राज्यों में यह दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है। इन राज्यों में सबसे आगे उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश है। देश में महिलाओं से संबंधित जितने मामले दर्ज होते हैं, उनमें से आधे से अधिक इन पांच राज्यों में ही दर्ज किए जाते हैं। महिलाओं पर अत्याचार के कुल मामलों में से 31.4 प्रतिशत मामलों में अत्याचार करने वाला नजदीकी संबंधी ही था, जबकि 19.2 प्रतिशत मामले अपहरण के, 18.7 प्रतिशत मामले स्त्रीत्व को ठेस पहुचाने के और 7.1 प्रतिशत मामले बलात्कार के थे।
नेशनल कमीशन फॉर वीमेन के अनुसार वर्ष 2022 में 31000 शिकायतें दर्ज की गईं थीं, यह संख्या वर्ष 2014 के बाद से सर्वाधिक संख्या है। इन शिकायतों में से 54.5 प्रतिशत शिकायतें अकेले उत्तर प्रदेश से संबंधित हैं। कुल 1623 शिकायतें पुलिस के विरुद्ध हैं – जहां पुलिस ने या तो मामला दर्ज नहीं किया या फिर हवालात में महिलाओं का उत्पीड़न किया।
वर्ल्ड इकनोमिक फोरम द्वारा जारी किए गए वर्ष 2023 के जेंडर गैप इंडेक्स में कुल 146 देशों की सूची में भारत 127वें स्थान पर है। हमारे पड़ोसी देशों में केवल पाकिस्तान ही 142वें स्थान पर है, यानि हमसे भी पीछे है। इस इंडेक्स में बांग्लादेश 59वें, भूटान 103वें, चीन 107वें, श्रीलंका 115वें और नेपाल 116वें स्थान पर है।