ओसामा बिन लादेन आतंकवादी संगठन अलकायदा का सरगना था और हमजा को ओसामा का उत्तराधिकारी माना जा रहा था. हालांकि, अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभी हमजा की मौत की पुष्टि नहीं हुई है. ये भी साफ नहीं है कि हमजा की मौत कहां और कैसे हुई?
हमजा की मौत में अमेरिका का हाथ है या नहीं ये भी साफ नहीं हुआ है. हालांकि, अमेरिका के खुफिया अधिकारियों ने हमजा की मौत का दावा किया है. 2015 में लादेन के बेटे हमजा बिन लादेन ने अमेरिका को धमकी दी थी कि वो अपने पिता की मौत का बदला लेने के लिए अमेरिका पर हमला करेगा. जिसके बाद अमेरिका ने उस पर 10 लाख डॉलर (करीब 7 करोड़ रुपये) का पुरस्कार रखा था.
2 मई 2011 को पाकिस्तान के एबटाबाद में अमेरिकी सील कमांडो ने ओसामा बिन लादेन को मार गिराया था. बताया जाता है कि अपने पिता की मौत के बाद हमजा अपनी मां यानी ओसामा की तीन जीवित पत्नियों में से एक खैरिया सबार के साथ एबटाबाद में ही रह रहा था.
अलकायदा चीफ अयमन अल जवाहिरी ने 2015 में पहली बार हमजा को दुनिया से रूबरू कराया था. हमजा ने उस वक्त अमेरिका से अपने पिता की हत्या का बदला लेने की धमकी दी और तबाही मचाने की कसम खाई थी.
साल 2017 में हमजा को अमेरिकी गृह मंत्रालय ने वैश्विक आतंकवादी घोषित कर दिया. साथ ही अमेरिका ने हमजा के सिर पर 10 लाख डॉलर का पुरस्कार रखा था. हालांकि, 2018 के बाद से हमजा का कोई बयान दुनिया के सामने नहीं आया.





