प्रतिदिन :
विधानसभा चुनाव की घोषणा का इंतजार कर रहे मध्यप्रदेश में एक और नये राजनीतिक दल का उदय हो गया है | सापाक्स समाज पार्टी | प्रदेश के दो प्रमुख राजनीतिक भारतीय जनता पार्टी औए कांग्रेस भी इन दिनों अपनी रणनीति बनाने और उम्मीदवारों के चयन में व्यस्त है ६ अक्तूबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इंदौर में होंगे तो कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी पहले मुरैना फिर जबलपुर में रोड शो करेंगे | १४ अक्तूबर को अमित शाह भोपाल भी आयेंगे | सारे दल अपनी-अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं | कुछ की रणनीति अति विचित्र है, जैसे कांग्रेस को चुनाव की दहलीज पर याद आया है कि उसे भी अब हाईटेक होकर बूथ तक जाना है | यह भाजपा के बूथ प्रभारी कार्यक्रम का जवाब है | विधानसभा चुनाव की दृष्टि से कांग्रेस का यह कदम देरी से उठा है इससे उसे विधानसभा चुनाव लाभ नहीं मिलता दिखता है | अगर उसकी यह योजना जिसकी टिकाऊ होने की सम्भावना कम है, चल गई तो उसे आगामी लोकसभा में इसके परिणाम दिखाई दे सकते हैं | मुश्किल तो यह है की कांग्रेस के सारे गुट किसी मुद्दे पर एक नहीं होते | जैसे राहुल गाँधी अपनी मुरैना यात्रा के दौरान एकता परिषद के लोगों से मिलेंगे जो भूमि सुधार कानून को लेकर दिल्ली कूच कर रहे हैं | पहले कमलनाथ इस भेंट के खिलाफ थे अब ज्योतिरादित्य सिंधिया इसके पक्ष में नहीं हैं |
कांग्रेस अब हाईटेक भी हो रही है | प्रदेश के ६५००० बूथों तक जुड़ने के लिए उसने शक्ति नामक एप तैयार किया है | अभी यह एप पूरी तरह लाँच नहीं हुआ और इसका विरोध शुरू हो गया | बमुश्किल कांग्रेस अभी ५०० बूथों तक पहुंची दिल्ली दरबार में शिकायत हो गई और दिल्ली से विशेषज्ञ आ धमके | एप नीचे तक कैसे पहुंचे इसकी जुगत शुरू हुई दिल्ली के विशेषज्ञ एक दिन में सवा लाख लोगों को जोड़ने का दावा कर रहे हैं | कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इसे हवाई फायर का नाम दे रहे हैं | एक वरिष्ठ नेता की राय है कि इसका हश्र कांग्रेस द्वारा पहले जारी फेसबुक और ट्विटर निर्देश की तरह होगा | ६५००० बूथ तक जाना कोई आसान बात नहीं है | राहुल गाँधी द्वारा पिछले दिनों की गई अपील से इतर कांग्रेस के सारे गुट एक दूसरे से प्रतिद्न्दी भाव से काम में लगे हुए हैं |
बसपा द्वारा प्रदेश में सभी सीटों पर उम्मीदवार खड़े करने की बात से जहाँ कांग्रेस में चिंता का माहौल है | वहीँ सपाक्स समाज पार्टी ने सत्तारूढ़ भाजपा के लिए चुनौती खड़ी करने की कोशिश की है | विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद समीकरण एक बार फिर बदलेंगे | प्रदेश में चेहराविहीन कांग्रेस का हाईटेक होना कितना लाभ देगा, यह समय के गर्भ में है |