- स्थानीय

दिग्विजय सिंह ने शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री कमलनाथ को चुनावी घोषणा पत्र का वादा याद दिलाया

भोपाल : मध्य प्रदेश कांग्रेस में रार खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री कमलनाथ को चुनावी घोषणा पत्र का वादा याद दिलाया है। उन्होंने कमलनाथ को घोषणापत्र में शिक्षकों से किए वादे को पूरा करने की नसीहत दी है।

दिग्विजय सिंह ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा, ‘शिक्षक दिवस पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। अतिथि शिक्षक व अतिथि विद्वान शिक्षकों को कांग्रेस वचन पत्र में किए गए वादों को हमें पूरा करना है। मुझे विश्वास है माननीय मुख्यमंत्री कमलनाथ जी कांग्रेस वचन पत्र में किया गया हर वचन पूरा करेंगे।

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस ने सत्ता में आते ही प्रदेश के गेस्ट टीचर को नियमित करने का वादा किया था। कांग्रेस ने कहा था कि तीन महीने के अंदर शिक्षकों को नियमित कर दिया जाएगा। इसके लिए बाकायदा कांग्रेस कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके घोषणा भी की गई थी और नियमितिकरण की जिम्मेदारी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ली थी। कांग्रेस को मध्य प्रदेश में सत्ता में आए 8 महीने का वक्त गुजर चुका है लेकिन पार्टी अपना यह वादा पूरा नहीं कर सकी है।

इन दिनों मध्य प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी देखने को मिल रही है। इससे पहले दिग्विजय सिंह और कैबिनेट मंत्री उमंग सिंघार के बीच विवाद सामने आया था। उमंग सिंघार ने बीते दिनों दिग्विजय सिंह पर मंत्रियों को चिट्ठी लिखने और उन्हें ब्लैकमेलर बताया था। मंत्री ने दावा किया था कि दिग्विजय सिंह खुद को पावर सेंटर स्थापित करने में लगे हैं।

राज्य के वन मंत्री उमंग सिंघार ने इस बाबत पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र भी लिखा था। इसके बाद कमलनाथ ने मंत्री से मंगलवार जवाब तलब किया था और उन्हें झाड़ भी लगाई थी। उधर कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया गुट भी मध्य प्रदेश में पिछले दिनों सक्रिय हो गया है। सिंधिया के समर्थकों की मांग है कि उन्हें कांग्रेस कमिटी का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया नहीं तो वह पार्टी से इस्तीफा दे देंगे।

एमपी में कल मनाया जाएगा शिक्षक दिवस
मध्य प्रदेश में इस बार शिक्षक दिवस की तारीख बदलकर 6 सितंबर कर दी गई है। दरअसल प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. प्रभु चौधरी विदेश दौरे पर हैं। वह अपनी 35 सदस्यीय टीम के साथ दक्षिण कोरिया में एक शैक्षणिक दौरे पर गए हैं। कहा जा रहा है कि 6 सितंबर को उनके वापस लौटने की उम्मीद है। ऐसे में 6 सितंबर को ही प्रदेश में शिक्षक दिवस से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे और अध्यापकों को सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *