- स्थानीय

गलत पुलिस वेरिफिकेशन की वजह से एक व्यक्ति का पासपोर्ट अटक गया

भोपाल : पुलिस वेरिफिकेशन की गलत रिपोर्ट की वजह से एक व्यक्ति का पासपोर्ट अटक गया। इसकी वजह एक इलाके में दो अलग-अलग व्यक्तियों का एक नाम होना था। पुलिस ने पिता के नाम पर ध्यान दिए बिना ही आवेदक को अपराधी बताकर एडवर्स रिपोर्ट दे दी।

पासपोर्ट नहीं मिलने पर जब आवेदक ने पासपोर्ट कार्यालय में संपर्क किया तब खुलासा हुआ कि जिस व्यक्ति का पुलिस ने वेरिफिकेशन किया है वे वह नहीं हैं। उनके पिता का नाम भी वह नहीं है जो वेरिफिकेशन में दिया गया है। पासपोर्ट अधिकारी ने इस मामले की जांच कराई तो आवेदक की शिकायत सही निकली। इसके बाद पासपोर्ट कार्यालय ने दोबारा पुलिस वेरिफिकेशन करके पासपोर्ट जारी कर दिया।

पासपोर्ट कार्यालय में पहुंचे आवेदक ने बताया कि उनका नाम अब्दुल खान पिता करीम खान है। उनके मोहल्ले में ही अब्दुल खान पिता कासिम खान रहते हैं। पुलिस ने कासिम के बेटे अब्दुल खान का वेरिफिकेशन करके भेज दिया। जब उनका पासपोर्ट नहीं आया तो उन्होंने खोजबीन की। तब उन्हें पुलिस द्वारा की गई गलती का पता चला। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी से की। उन्होंने दोबारा पुलिस वेरिफिकेशन कराने के आदेश दिए।

दोबारा वेरिफिकेशन के बाद जारी हुआ पासपोर्ट
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी रश्मि बघेल ने बताया कि आवेदक के पासपोर्ट की एडवर्स रिपोर्ट आई थी। एक सा नाम होने की वजह से गफलत हुई थी। आवेदक का फिर से पुलिस वेरिफिकेशन कराया गया। इसके बाद पासपोर्ट जारी कर दिया। दरअसल आवेदक के इलाके में अब्दुल खान नाम का अन्य व्यक्ति भी था। पिता नाम भी के अक्षर से शुरू हो रहा था। दूसरे अब्दुल खान के नाम पर पुलिस थाने में मारपीट का प्रकरण दर्ज था। जिसकी वजह से गलतफहमी हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *