भारतीय टेलीकॉम कंपनी मुकेश अंबानी की Reliance जियो के ग्राहकों को दूसरी कंपनी के नेटवर्क पर कॉल करने पर अब 6 पैसे प्रति मिनट चुकाने पड़ेंगे। कंपनी ने कहा है कि 6 पैसे के बदले जियो (Jio) यूजर्स को एक्स्ट्रा डेटा देगी. इसके लिए ग्राहक को इंटरकनेक्ट यूजेज चार्ज (आईयूसी) टॉप-अप करवाना जरूरी होगा। यह नियम 10 अक्टूबर से लागू हो जाएगा। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी। ऐसे में कौन से जियो ग्राहकों को दूसरे नेटवर्क पर कॉल करने के लए टॉप-अप वॉउचर लेना जरूरी होगा.
टेलीकॉम रेग्युलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) 10 अक्टूबर से सभी टेलीकॉम कंपनियों के ग्राहकों से 6 पैसे प्रति मिनट का आईयूसी चार्ज लेगी। यानी जियो के साथ एयरटेल, वोडाफोन, आइडिया या अन्य दूसरी टेलीकॉम कंपनियों के ग्राहकों को ये चार्ज देना होगा। ये चार्ज तभी लगेगा जब कोई ग्राहक दूसरे नेटवर्क पर कॉल करता है। यानी जियो टू जियो, एयरटेल टू एयरटेल, आइडिया टू आइडियो, वोडाफोन टू वोडाफोन कॉलिंग फ्री रहेगी। लेकिन जियो टू एयरटेल, एयरटेल टू जियो या अन्य नेटवर्क पर कॉलिंग पर चार्ज देना होगा।
यदि आप जियो या किसी भी दूसरी कंपनी के ग्राहक हैं, तब आपके रिचार्ज पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। टेलीकॉम ऑपरेटर्स द्वारा रिचार्ज पर जो सुविधाएं पहले दी जा जा रही थीं, वो उन्हें मिलती रहेंगी। यानी इंटरनेट डाटा से लेकर रोमिंग, SMS या दूसरी सर्विस वैसे ही मिलेगी जैसे मिल रही थी।
अब जियो से किसी दूसरे नेटवर्क पर कॉलिंग के लिए आईयूसी टॉप-अप लेना होगा। जियो ने इसके लिए अपने प्लान रिलीज कर दिए हैं।
– 10 रुपए के टॉप-अप प्लान पर 124 IUC मिनट और 1GB डाटा मिलेगा
– 20 रुपए के टॉप-अप प्लान पर 249 IUC मिनट और 2GB डाटा मिलेगा
– 50 रुपए के टॉप-अप प्लान पर 656 IUC मिनट और 5GB डाटा मिलेगा
– 100 रुपए के टॉप-अप प्लान पर 1362 IUC मिनट और 10GB डाटा मिलेगा
आईयूसी टॉप-अप नहीं होने की सूरत में आप किसी दूसरे ऑपरेटर्स वाले नंबर पर कॉल नहीं कर पाएंगे। हालांकि, इस काम को डाटा कॉलिंग की मदद से किया जा सकता है। वॉट्सऐप, ट्रूकॉलर, गूगल डुओ के साथ दूसरे ऐप्स से डाटा की मदद से कॉलिंग हो सकती है।
बुधवार को मुकेश अंबानी की टेलिकॉम कंपनी ने कहा कि उसे अपने 35 करोड़ से ज्यादा यूजर्स से 6 पैसे प्रति मिनट का IUC की रिकवरी शुरू करने के लिए ‘मजबूर’ होना पड़ा है जिसका भुगतान उसे प्रतिद्वंद्वी कंपनियों को करना पड़ता है। हर वॉयस कॉल फ्री रखने का वादा कर चुकी कंपनी ने कहा कि टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया जब तक IUC को जीरो नहीं कर देता, तब तक उसे यह रिकवरी जारी रखने को ‘मजबूर’ रहना पड़ेगा। हालांकि कंपनी ने कहा कि वह इसकी भरपाई यूजर्स को अतिरिक्त डेटा देकर करेगी ताकि उनके लिए टैरिफ में कोई ‘प्रभावी बढ़ोतरी न हो।’ जियो से जियो, लैंडलाइन और वॉट्सऐप जैसे ऐप के जरिए की जाने वाली कॉल्स पहले की तरह फ्री रहेंगी।




