- प्रदेश, स्थानीय

भोपाल में स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद के स्थान पर अर्जुन सिंह की प्रतिमा लगाने से गरमाई राजनीति

भोपाल : लिंक रोड नंबर एक स्थित नानके पेट्रोल पंप के पास लगाई गई पूर्व सीएम अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण होने से पहले ही राजनीति शुरू हो गई है। भाजपा जहां महापुरुष के स्थान पर राजनेता की प्रतिमा रखे जाने पर महापुरुषों का अपमान बता रही है, वहीं कांग्रेस का कहना है कि एमआईसी के निर्णय का ही पालन हो रहा है। भाजपा के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के साथ ही नेता प्रतिपक्ष मप्र विधानसभा गोपाल भार्गव भी इस विवाद में कूद पड़े हैं। जबकि, कांग्रेस के नरेंद्र सलूजा ने कहा है कि यह महापौर परिषद का निर्णय था, जिसका पालन हो रहा है। बता दें कि नगर निगम ने मप्र के पूर्व सीएम अर्जुन सिंह की प्रतिमा नानके पेट्रोलपंप के पास स्थापित की है, जिसका अभी अनावरण होना बाकी है। निगम द्वारा स्व. अर्जुन सिंह की यह मूर्ति 11 लाख 95 हजार रुपए की लागत से तैयार करवाई है। इसकी ऊंचाई 10 फीट और वजन 985 किलोग्राम है। निगम आयुक्त विजय दत्ता का कहना है कि ऐसा कुछ नहीं किया गया कि जिससे महापुरुषों के सम्मान में कोई कमी आए। राजनीति के चलते इसे मुद्दा बनाया जा रहा है।

तीन साल पहले रोटरी हटाकर सड़क चौड़ी करने के लिए निगम ने चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा को अपेक्स बैंक की तरफ सड़क के किनारे स्थापित किया था। लेकिन अब अर्जुन सिंह की प्रतिमा उसी जगह लगाई गई है, जहां से आजाद की प्रतिमा हटाई गई थी। एमआईसी में सिंह की प्रतिमा लगाने पर निर्णय हुआ था, लेकिन जगह तय नहीं हुई थी। कांग्रेस के नेताओं के इशारे पर निगम प्रशासन ने वहां महापौर और एमआईसी से चर्चा के बिना ही सिंह की प्रतिमा स्थापित करवा दी।

मूर्ति को लेकर मामला बड़े स्तर पर सियासी तूल पकड़ चुका है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करके कहा, महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के साथ ऐसा कृत्य, मध्य प्रदेश शर्मिंदा है। इस दुस्साहस के लिए दोषियों को तत्काल कड़ी से कड़ी सजा और उचित सम्मान के साथ मां भारती के सपूत की प्रतिमा पुन: स्थापित हो, अन्यथा देश स्वयं को कभी माफ नहीं कर सकेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *