भोपाल: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजनीति संत के रूप में जाने वाले कैलाश जोशी की पार्थिव देह राजधानी स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में लोगों के दर्शन के लिए रखी गई। यहां से करीब साढ़े दस बजे परिजन और भाजपा कार्यकर्ता पार्थिव देह लेकर हाटपिपल्या रवाना हो गए। अपरान्ह तीन बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। जोशी का 91 की उम्र में रविवार को निधन हो गया था। भाजपा कार्यालय में लोगों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
भाजपा कार्यालय में जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित करने दूर-दूर से भाजपा कार्यकर्ता आए हुए थे। हरियाणा के पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह समेत भाजपा विधायकों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। शिवराज सिंह ने कहा कि देश से एक राजनीतिक संत हमेशा के लिए विदा हो गए। उनके कार्य सदा हमें प्रेरणा और मार्गदर्शन देते रहेंगे।