- देश

जोमैटो ने फूड डिलीवरी में उबर ईट्स के भारतीय कारोबार को ख़रीदा

जोमैटो ने फूड डिलीवरी में अमेरिकी कंपनी उबर ईट्स (Uber Eats India) के भारतीय कारोबार को खरीद लिया है। इस स्टॉक डील के तहत उबर को जोमैटो के 9.99% शेयर मिलेंगे। जोमैटो (Zomato) के वैल्यूएशन के हिसाब से इतने शेयरों की कीमत (35 करोड़ डॉलर) करीब 2,500 करोड़ रुपए होने का अनुमान है। उबर ईट्स अपने ऐप पर रेस्टोरेंट पार्टनर, डिलीवरी पार्टनर और ग्राहकों को जोमैटो के प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट कर देगी। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उबर ने घाटे की वजह से फूड डिलीवरी बिजनेस बेचने का फैसला किया। उबर ईट्स को खरीदने से जोमैटो का मार्केट शेयर 50% से ज्यादा हो जाएगा। अभी स्विगी 48% शेयर के साथ पहले नंबर पर है।

जोमैटो और स्विगी (Swiggy) से कॉम्पिटीशन की वजह से उबर ईट्स को नुकसान हो रहा था। कंपनी ने पिछले 5 महीने में 2,197 करोड़ रुपए का घाटा होने की जानकारी दी थी। उबर ने भारत में 2017 में फूड डिलीवरी बिजनेस शुरू किया था। इसके प्लेटफॉर्म पर 41 शहरों के 26,000 रेस्टोरेंट लिस्टेड हैं। दूसरी ओर जोमैटो के रेस्टोरेंट डिस्कवरी और फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर 24 देशों के 15 लाख रेस्टोरेंट के बारे में जानकारी उपलब्ध है। कंपनी हर महीने करीब 7 करोड़ यूजर को सर्विस देती है।

ऑनलाइन फूड डिलीवरी में एशिया दुनिया का सबसे बड़ा बाजार

देश मार्केट शेयर
चीन 73%
भारत 13.2%
अन्य 13.8%

2025 तक एशिया में फूड डिलीवरी बिजनेस का मार्केट 7 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचने का अनुमान, 2018 में 3 लाख करोड़ रुपए का था।
(आंकड़े फ्रॉस्ट एंड सुलिवन की अक्टूबर में जारी रिपोर्ट के मुताबिक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *