- देश

कोरोनावायरस के देश में अब तक 1 हजार 442 मामले

देश में कोरोना संक्रमण ने 29 राज्यों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। झारखंड और असम में मंगलवार को कोरोनावायरस के पहले मरीज मिले। झारखंड राज्य के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने कहा- मलेशिया की एक नागरिक की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। उसे रांची के हिंदपीडी इलाके से खेल गांव में बनाए गए आइसोलेश सेंटर में भेज दिया गया है। वहीं असम के स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्व सरमा ने 52 साल के मरीज की हालत स्थिर बताई है।

उधर, देश में मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 96 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 19 संक्रमित मध्यप्रदेश में मिले हैं। इसके बाद आंध्रप्रदेश में 17, राजस्थान में 14, महाराष्ट्र में 10, तमिलनाडु-कर्नाटक में 7-7, जम्मू-कश्मीर में 6, उत्तरप्रदेश में 5, गुजरात में 3, बंगाल में 5 और बिहार में 1 पॉजिटिव मिला। झारखंड और असम में भी पहले मरीज मिले। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1 हजार 442 हो गई है। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के अनुसार हैं। सरकार के आंकड़ों में अभी संक्रमितों की संख्या 1 हजार 251 है। इनमें से 101 ठीक हो गए हैं।

रेलवे ने 20 हजार कोच आइसोलेशन वार्ड में बदले

कोरोनावायरस के बढ़ते प्रकोप से निपटने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। रेलवे ट्रेन के 20 हजार डिब्बों को आइसोलेशन कोच में बदल रहा है। मंत्रालय का कहना है कि इससे 3 लाख 20 हजार बेड उपलब्ध होंगे। पांच रेलवे जोन पहले ही इसका प्रोटोटाइप बना चुके हैं।

सरकार ने कहा- वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से नर्सों को ट्रेनिंग दी जा रही, अब तक 42 हजार 788 टेस्ट किए

  • स्वास्थ्य मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और आईसीएमआर ने मंगलवार को भी साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि आपदा से निपटने के लिए टास्क फोर्स बनाई गई है, जो ड्रग ट्रायल आदि को देख रही है। हम मिनिस्ट्री ऑफ टेक्सटाइल के साथ मिलकर चिकत्सा उपकरण, पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट) की आपूर्ति सुनिश्चित करा रहे हैं।
  • अग्रवाल ने कहा कि विदेश मंत्रालय ने दक्षिण कोरिया, तुर्की और वियतनाम को कोरोना के इलाज में इस्तेमाल होने वाले सामान की सप्लाई करने वाले देशों के तौर पर चिह्नित किया है। एन95 मास्क की सप्लाई बढ़ाने के लिए रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) भी स्थानीय निर्माताओं के साथ काम कर रहा है।
  • उन्होंने कहा कि आशा, एएनएम और नर्सों के लिए अपनी वेबसाइट पर आईसीयू मैनेजमेंट, क्वारैंटाइन मैनेजमेंट के लिए ट्रेनिंग वीडियो डाले हैं। 30 मार्च को 15 हजार नर्स को इसकी ट्रेनिंग भी दी गई। इन वीडियो को एक लाख से ज्यादा लोगों ने डाउनलोड किया है।
  • प्रधानमंत्री ने सोशल वेलफेयर आर्गनाइजेशन के प्रमुखों से बात की है। जागरूकता फैलाने, गरीबों को बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने की अपील की है। प्रधानमंत्री ने कोविड-19 पर भारत के सभी दूतावासों और उच्चायोगों के साथ भी चर्चा की है।
  • भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के प्रमुख जी गंगाखेडकर ने कहा कि अभी तक हम 42 हजार 788 सैम्पल्स की जांच कर चुके हैं। यहां हमारी क्षमताओं को 36% है। 123 लैब काम कर रही हैं। 49 प्राइवेट लैट को भी जांच की अनुमति दी गई है। प्राइवेट लैबों में सोमवार को 399 मरीजों की जांच की गई।
  • इसके अलावा ग्रुप ऑफ मिनिस्टर की बैठक भी हुई थी। इसमें देश के हालात का जायजा लिया गया। इसमें कहा गया कि राज्यों के साथ मिलकर कोविड हास्पिटल और बड़े बनाए जाएं। दूसरे राज्यों से आने वालों का मेडिकल चेकअप हो।
  • गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लॉकडाउन संतोषजनक है। देश में इस समय लगभग 21 हजार 64 रिलीफ कैंप हैं। इनमें 6 लाख 66 हजार 291 लोगों को सुविधा दी गई है। इसके अलावा लोगों को भोजन भी दिया गया है।

देश के 29 राज्यों तक पहुंचा कोरोना संक्रमण

राज्य कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
महाराष्ट्र 248 10 39
केरल 234 2 20
उत्तरप्रदेश 101 0 17
कर्नाटक 98 3 6
दिल्ली 97 1 6
राजस्थान 93 2 3
गुजरात 73 6 5
तेलंगाना 77 6 14
तमिलनाडु 74 1 4
मध्यप्रदेश 66 4 0
जम्मू-कश्मीर 55 2 1
पंजाब 41 3 1
हरियाणा 36 0 17
आंध्रप्रदेश 40 0 1
प.बंगाल 27 2 0
बिहार 16 1 0
चंडीगढ़ 13 1 0
लद्दाख 13 0 3
अंडमान-निकोबार 10 0 0
छत्तीसगढ़ 8 0 0
उत्तराखंड 7 0 2
गोवा 5 0 0
हिमाचल प्रदेश 3 1 1
ओडिशा 3 0 0
मणिपुर 1 0 0
मिजोरम 1 0 0
पुडुचेरी 1 0 0
झारखंड 1 0 0
असम 1 0 0

*यह आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। हालांकि, केंद्र सरकार के आंकड़ों में अभी संक्रमितों की संख्या 1 हजार 251 है। इनमें से 101 ठीक हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *