- देश

कोरोना से देश में अब तक 3 हजार 373 मामले, एक हफ्ते में करीब 2 हजार संक्रमित बढ़े

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोनावायरस (corona virus) से पैदा हुए हालात को लेकर 8 अप्रैल को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राजनैतिक दलों के नेताओं से बात करेंगे। लॉकडाउन की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री पहली बार विपक्षी दलों के नेताओं से बात करेंगे। वे दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा में पांच से ज्यादा सांसदों वाली पार्टियों के सदन में नेताओं से चर्चा करेंगे। संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने शनिवार को यह जानकारी दी। इस दौरान कोविड-19 की रोकथाम के अलावा देशव्यापी लॉकडाउन को लेकर मंथन हो सकता है। इधऱ, देश में कोरानावायरस संक्रमण के शनिवार को 374 नए मामले सामने आए हैं। इनमें सबसे ज्यादा तमिलनाडु में 74 मरीज मिले। इसके बाद दिल्ली में 59, उत्तरप्रदेश में 53, महाराष्ट्र में 47, राजस्थान में 21, हरियाणा में 18, जम्मू-कश्मीर में 17, आंध्रप्रदेश में 16, कर्नाटक में 16, केरल में 11, गुजरात में 10, मध्यप्रदेश-पंजाब में 4-4, असम 2 और गोवा-छत्तीसगढ़ में 1-1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3 हजार 482 हो गई है।

देश में एक हफ्ते में ही इस बीमारी के 1 हजार 973 मरीज बढ़े हैं। 29 मार्च को कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 हजार 139 थी। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 हजार 902 है। इनमें से 2 हजार 650 का इलाज चल रहा है। 183 ठीक हुए हैं और 68 की मौत हो चुकी है.

  • दिल्ली पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 66 हजार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। इसमें से 3350 मामले आईपीसी की धारा 188 के तहत दर्ज हुए हैं। वहीं, 10 हजार गाड़ियां जब्त की हैं। होम क्वारैंटाइन का उल्लंघन करने पर 40 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
  • आईआईटी रुड़की ने कोरानावायरस संक्रमितों के इलाज में लगे डॉक्टरों की हिफाजत के लिए बेहद कम कीमत में फेस शील्ड तैयार की है। इसे वायरस से बचाव के लिए चेहरे पर लगाया जाएगा। एक शील्ड की लागत सिर्फ 5 रुपए है। इन्हें 3डी प्रिंटिंग तकनीक से तैयार किया गया है।
  • आईआईटी हैदराबाद, से जुड़े स्टार्टअप एयरोबायोसिस इनोवेशन्स ने एक कम लागत वाला, पोर्टेबल इंमरजेंसी वेंटिलेटर बनाया है। इसे ‘जीवन लाइट’ नाम दिया गया है। इसकी लागत 1 लाख रुपए है। यह कोरोनावायरस के मरीजों के इलाज में मददगार हो सकता है।

26 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में पहुंचा कोरोना

राज्य कितने संक्रमित कितनी मौत कितने ठीक हुए
महाराष्ट्र 537 26 50
तमिलनाडु 485 2 6
दिल्ली 445 7 8
केरल 306 2 42
आंध्रप्रदेश 190 1 2
तेलंगाना 229 12 32
राजस्थान 200 4 3
उत्तरप्रदेश 227 2 17
कर्नाटक 144 4 11
मध्यप्रदेश 158 11 2
गुजरात 105 10 10
जम्मू-कश्मीर 92 2 3
प.बंगाल 53 6 3
हरियाणा 48 1 28
पंजाब 57 5 1
बिहार 31 1 3
चंडीगढ़ 18 0 0
असम 25 0 0
लद्दाख 14 0 3
अंडमान-निकोबार 10 0 0
उत्तराखंड 22 0 2
छत्तीसगढ़ 10 0 3
हिमाचल प्रदेश 6 2 1
गोवा 7 0 0
ओडिशा 20 0 2
पुडुचेरी 5 0 0
मणिपुर 2 0 0
झारखंड 2 0 0
मिजोरम 1 0 0
अरुणाचल प्रदेश 1 0 0

*ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 हजार 902 है। इनमें से 2 हजार 650 का इलाज चल रहा है। 183 ठीक हुए हैं और 68 की मौत हो चुकी है।

देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के हाल

  • मध्यप्रदेश; कुल संक्रमित- 158: राज्य में शनिवार को 4 और संक्रमित मिले। भोपाल में कुल संक्रमितों की संख्या 14 हो गई है। इनमें से 4 दिल्ली की तब्लीगी जमात से लौटे हैं, जबकि 1 पुलिस कॉन्स्टेबल है। शहर में सबसे पहले संक्रमित पाई गई युवती और उसके पिता की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। शनिवार को उनकी अस्पताल से छुट्‌टी कर दी गई। उधर, छिंदवाड़ा में शनिवार को 36 साल के एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। राज्य में शुक्रवार को संक्रमण के 34 नए मामले सामने आए थे।
  • महाराष्ट्र; कुल संक्रमित- 537: राज्य में शनिवार को संक्रमण के 47 नए मामले सामने आए। इनमें से मुंबई में 28, ठाणे में 15, पुणे में 2, जबकि और अमरावती और पिंपरी चिंचवड़ में 1-1 मरीज मिला है। राज्य में शुक्रवार को कुल 67 नए मामले सामने आए। राज्य में शुक्रवार को 6 मौत हुईं।
  • राजस्थान; कुल संक्रमित- 200: शनिवार को संक्रमण के 21 नए मामले सामने आए। इसमें से 10 का कनेक्शन तब्लीगी जमात के मरकज से है। जमात के कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले भरतपुर के दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा झुंझुनूं में 6, जोधपुर में 7, बांसवाड़ा और चूरू में 2-2, जबकि भीलवाड़ा और बीकानेर में 1-1 मरीज मिला। राज्य के कुल संक्रमितों में से 43 का संबंध दिल्ली की तब्लीगी जमात से है। राज्य में शुक्रवार को संक्रमण के 46 मामले सामने आए थे। उधर, बीकानेर में 60 साल की महिला की इस संक्रमण से मौत भी हो गई।
  • दिल्ली; कुल संक्रमित- 445: शनिवार को दिल्ली में 59 नए मामले सामने आए। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि संक्रमण के कुल 445 मामलों में से केवल 40 लोकल ट्रांसमिशन से जुड़े हैं। बाकी मामलों में संक्रमण विदेशी यात्रियों और जमात के मरकज की वजह से हुआ। उन्होंने आगे बताया कि मरकज से निकाले गए 2300 लोगों में से 500 में लक्षण नजर आने के बाद उन्हें अस्पताल भेजा गया, जबकि 1800 क्वारैंटाइन सेंटर में है। हम सभी का टेस्ट करा रहे हैं। इसकी रिपोर्ट 2-3 दिन में मिलेगी। इसके बाद दिल्ली में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़ सकती है। दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 93 नए केस सामने आए थे।
  • तमिलनाडु; कुल संक्रमित 485: तमिलनाडु की स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि शनिवार को राज्य में 74 नए मामले सामने आए। इसमें से 73 दिल्ली के तब्लीगी जमात के मरकज में शामिल हुए थे। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब तक कुल 485 संक्रमितों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 422 पॉजिटिव मरीज ऐसे हैं जो या तो मरकज में शामिल हुए थे या फिर उसमें शामिल होने वाले लोगों के संपर्क में आए थे।
  • गुजरात; कुल संक्रमित- 105: शनिवार को 10 और मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, अहमदाबाद में आज एक मरीज की मौत हो गई। राज्य में इस बीमारी से अब तक 10 लोगों की मौत हुई है, जबकि 10 लोग ठीक हुए हैं।
  • उत्तरप्रदेश; कुल संक्रमित- 227: उत्तर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 227 हुई। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक इनमें 94 तब्लीगी जमात से जुड़े हैं। योगी सरकार  ने जमात से जुड़े लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। अभी तक 1302 लोगों की पहचान हुई है। इनमें 1 हजार को क्वारैंटाइन में रखा गया है। इधऱ, कन्नौज में पुलिस पार्टी पर हमला करने के आरोप में जमातियों पर केस दर्ज कर लिया गया है। 12 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। शुक्रवार को लॉकडाउन के दौरन समूह में नमाज पढ़ने से मना करने पर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया था।
  • हरियाणा; कुल संक्रमित 48: शनिवार को 18 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें 13 पलवल, 1 कैथल और 1-1 गुरुग्राम और भिवानी के हैं। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 48 हो गई है। इसके अलावा 14 मरीज पहले ठीक हो चुके हैं।
  • केरल; कुल संक्रमित- 306: यहां शनिवार को संक्रमण के 11 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही राज्य में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 306 हो गई। उधर, नीलेश्वरम पुलिस ने कासरगोड़ जिले के मडिक्की से एक इमाम और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वे लॉकडाउन के बावजूद मस्जिद में नमाज पढ़ रहे थे। कलेक्टर ने उनके खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया था।
  • गोवा; कुल संक्रमित- 7: राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बताया कि यहां शनिवार को सेंट एस्टेवम में एक व्यक्ति को संक्रमित पाया गया। वह विदेश से लौटा था।
  • ओडिशा; कुल संक्रमित- 20: मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शनिवार को अपील की कि जो लोग दिल्ली की तब्लीगी जमात में गए थे वे 104 नंबर पर फोन करके जानकारी दें और कोरोना का टेस्ट कराएं। उन्होंने जमातियों से कहा कि डरने की जरूरत नहीं है, सरकार आपके साथ है। राज्य में शुक्रवार को संक्रमण के 15 नए मामले सामने आए।
  • उत्तराखंड; कुल संक्रमित 22 : शनिवार को प्रदेश में कोरोना के 6 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 5 नैनीताल और 1 हरिद्वार से हैं। इसके साथ प्रदेश में अब कुल संक्रमितों की संख्या 22 हो गई है। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक तब्लीगी जमात के मरकज में शामिल हुए प्रदेश के 350 लोगों को चिन्हित किया जा चुका है। इन्हें क्वारैंटाइन में रखा गया है।
  • जम्मू कश्मीर; कुल संक्रमित 92: शनिवार को 14 नए मामलों की पुष्टि हुई है। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब तक प्रदेश में संक्रमण के कुल 92 मामले सामने आ चुके हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *