मध्यप्रदेश/भोपाल:मध्यप्रदेश विधानसभा की 230 सीटों पर बुधवार को मतदान जारी है। इस बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्नी साधना और दोनों बेटों के साथ वोट डालने जैत गांव पहुंचे। इसके पहले उन्होंने नर्मदा पूजन और कुल देवी की पूजा की। जैत गांव में वोट डालने के बाद शिवराज ने कांग्रेस प्रत्याशी अरुण यादव पर कसा तंज, बोले- अरुण मेरे साथी हैं। कांग्रेस में उनके साथ बहुत नाइंसाफी हुई। पहले उन्हें अध्यक्ष पद से हटाया, इसके बाद चुनाव लड़वाया। वह भी बुधनी से। मैं तो कहूंगा कि वह भी भाजपा को वोट दें, क्योंकि मध्य प्रदेश के विकास की बात है।
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने वोट डालने से पहले हनुमान मंदिर गए और पूजा अर्चना की। इसके बाद शिकारपुर गांव में वोट डाला। ये वही जगह है, जहां कमलनाथ का निवास स्थान भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों पर उन्हें पूरा भरोसा है। यहां की जनता साधारण और मासूम हैं, जिन्हें लंबे समय से भाजपा सरकार लूट रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने छिंदवाड़ा के हनुमान मंदिर पहुंचे और पूजा की।
कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में वोट डाला। उन्होंने कहा कि ईवीएम में आ रही दिक्कतों की शिकायत हमने चुनाव आयोग से की है। हमारी मांग है कि जहां भी वोटिंग में परेशानी आए, वहां मतदान का समय बढ़ाया जाए।
मिजोरम की 40 सीटों पर भी मतदान जारी है। सुबह 11 बजे तक 29% मतदान हुआ। परिणाम 11 दिसंबर को आएंगे।