नई दिल्ली: एक बार फिर किताबों के शौकीनों को 2 वीकेंड किताबों के साथ बिताने का मौका मिलेगा। आज से शुरू होकर बुक फेयर 13 जनवरी तक चलेगा। एंट्री टिकट खरीदने को लंबी लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा। दिल्ली-एनसीआर के चुनिंदा मेट्रो स्टेशनों पर टिकट मिलेंगे। लोग इन स्टेशनों पर टिकट खरीद सकते हैं।
डीएमआरसी से मिली जानकारी के मुताबिक, मेट्रो नेटवर्क के 50 चुनिंदा स्टेशनों पर सुबह 10 से शाम 5 बजे तक वर्ल्ड बुक फेयर के टिकट बेचे जाएंगे। वहीं प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन पर सुबह 10:30 से शाम 5 बजे के बीच टिकट मिलेंगे। जिन स्टेशनों से टिकट बेचे जाएंगे, उनमें मेट्रो की रेड लाइन के दिलशाद गार्डन, कश्मीरी गेट, इंद्रलोक, नेताजी सुभाष प्लेस, पीतमपुरा, रोहिणी वेस्ट और रिठाला स्टेशन शामिल हैं।
पुस्तक मेले में शारजाह अतिथि प्रतिभागी है। शारजाह पवेलियन में किताबों, साहित्यिक आयोजन, प्रकाशकों के संवाद, किताबों का विमोचन, कविता पाठ व बच्चों की गतिविधियां आयोजित करेगा। टिकट ऑनलाइन बुकमाईशो की वेबसाइट से ले सकते हैं। इन्हें प्रगति मैदान से प्राप्त किया जा सकता है। बच्चों के लिए टिकट 10 रु. व वयस्कों के लिए 20 रु. है।